दर्दनाक हादसा ने एक ही परिवार के 3 लोगों की ले ली जान, सेप्टिक टैंक में दम घुटने से हुई मौत

    दर्दनाक हादसा ने एक ही परिवार के 3 लोगों की ले ली जान, सेप्टिक टैंक में दम घुटने से हुई मौत

    हजारीबाग (HAZARIBAGH): जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां सेप्टिक टैंक में गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. यह हादसा कटकमदाग थाना क्षेत्र के कूद गांव में बुधवार को हुआ. घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है, जिसका इलाज शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है.

    मिली जानकारी के अनुसार, परिवार के कुछ सदस्य घर के पास बने सेप्टिक टैंक के पास किसी काम से पहुंचे थे. इसी दौरान एक व्यक्ति अचानक टैंक में गिर गया. उसे बचाने के लिए परिवार के अन्य सदस्य भी टैंक में उतर गए, लेकिन जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण वे भी बेहोश होकर अंदर गिरते चले गए. देखते ही देखते हादसा इतना बड़ा हो गया कि एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई.

    घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया. वहीं एक व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है. इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में दम घुटने और जहरीली गैस को हादसे की वजह माना जा रहा है. पुलिस ने लोगों से ऐसे टैंकों के पास सावधानी बरतने की अपील की है.



    Related News