12वीं के बाद इंजीनियर बनने का है ख्याल? शिक्षा का नया हब बन रहा झारखंड, जानिए टॉप कॉलेज के बारे में जो दिला रहे हैं करोड़ों के पैकेज

    12वीं के बाद इंजीनियर बनने का है ख्याल? शिक्षा का नया हब बन रहा झारखंड, जानिए टॉप कॉलेज के बारे में जो दिला रहे हैं करोड़ों के पैकेज

    टीएनपी डेस्क (TNP DESK): पहले के समय में लोग अपने बच्चों को इंजीनियरिंग जैसे कोर्सेस के लिए बड़े सहरों को प्राथमिकता देते थे. पर अब इंजीनियरिंग के लिए बेहतरीन कॉलेज की सूची में झारखंड के भी कई कॉलेज शामिल हो चुके हैं, जिनकी चर्चा ना सिर्फ देश बल्कि विदेशों तक भी होती है. ऐसे में अगर आपने भी अभी-अभी 12 वीं पास की है और आपका सपना भी इंजीनियर बनने का है तो झारखंड के इन टॉप इंजीनियरिंग कॉलेज के बारे में एक बार जरूर जान लीजिए.

    बदलते दौर में झारखंड भी शिक्षा के क्षेत्र में नया हब बनकर उभर रहा है, जहां प्लेसमेंट के पैकेज भी करोड़ों में होते हैं. यहां के प्रमुख तकनीकी संस्थान न सिर्फ उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा दे रहे हैं, बल्कि देश-विदेश की बड़ी कंपनियों में शानदार प्लेसमेंट भी दिला रहे हैं. हर साल हजारों छात्र JEE Main और JEE Advanced के जरिए इन संस्थानों में प्रवेश पाने का सपना देखते हैं.

    झारखंड में स्थित IIT (ISM) Dhanbad देश के सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में गिना जाता है. यह संस्थान लंबे समय से टेक्निकल शिक्षा के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाए हुए है. खासकर कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग यहां का सबसे लोकप्रिय कोर्स है. प्लेसमेंट की बात करें तो 2025 में टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट और कंसल्टिंग सेक्टर की लगभग 250 से अधिक कंपनियों ने यहां भर्ती की. 80 प्रतिशत से ज्यादा छात्रों को जॉब ऑफर मिला, जबकि अधिकतम पैकेज करीब 83 लाख रुपये तक पहुंचा. Google और Microsoft जैसी दिग्गज कंपनियां यहां नियमित रूप से कैंपस प्लेसमेंट के लिए आती हैं.

    इसी तरह NIT Jamshedpur भी झारखंड का एक प्रमुख इंजीनियरिंग कॉलेज है, जो अपने प्लेसमेंट रिकॉर्ड के लिए जाना जाता है. यहां कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग जैसे ब्रांच में छात्रों को बेहतरीन अवसर मिलते हैं. हाल के प्लेसमेंट सत्र में कंप्यूटर साइंस के छात्रों को करीब 82 लाख रुपये तक का उच्चतम पैकेज मिला, जो इसकी गुणवत्ता को दर्शाता है.

    वहीं BIT Mesra देश के पुराने और प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों में शामिल है. यहां एडमिशन JEE Main की रैंक के आधार पर होता है. इस संस्थान की खासियत इसका विश्वस्तरीय कैंपस और रिसर्च सुविधाएं हैं. झारखंड के छात्रों के लिए यहां स्टेट कोटा भी उपलब्ध है, जिससे प्रवेश की संभावना बढ़ जाती है.

    कटऑफ की बात करें तो IIT (ISM) धनबाद में कंप्यूटर साइंस के लिए रैंक लगभग 2800 से 3200 के बीच रहती है, जबकि NIT जमशेदपुर में यही रैंक 9000 से 10500 तक जाती है. BIT मेसरा में भी विभिन्न ब्रांच के लिए अलग-अलग कटऑफ निर्धारित हैं. कुल मिलाकर, झारखंड के ये संस्थान आज इंजीनियरिंग शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की दिशा दे रहे हैं.



    Related News