UPSC इंजीनियरिंग सर्विस परीक्षा को लेकर रांची में निषेधाज्ञा, 8 फरवरी को तीन परीक्षा केंद्रों के आसपास सख्ती

    UPSC इंजीनियरिंग सर्विस परीक्षा को लेकर रांची में निषेधाज्ञा, 8 फरवरी को तीन परीक्षा केंद्रों के आसपास सख्ती

    रांची (RANCHI): संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), नई दिल्ली द्वारा आयोजित अभियंत्रण सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा-2026 को लेकर रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. परीक्षा के शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने निषेधाज्ञा लागू करने का फैसला लिया है.

    जिला जनसंपर्क कार्यालय, रांची द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दिनांक 08 फरवरी 2026 को सुबह 06:30 बजे से शाम 07:00 बजे तक रांची जिले के तीन परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा प्रभावी रहेगी.

    उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रांची और वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के संयुक्त आदेश पर परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है. प्रशासन को आशंका है कि असामाजिक तत्व भीड़ जुटाकर विधि-व्यवस्था भंग करने का प्रयास कर सकते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए अनुमंडल दंडाधिकारी, सदर रांची ने बीएनएसएस की धारा-163 के तहत यह आदेश जारी किया है.

    निषेधाज्ञा के दौरान इन पर रहेगा प्रतिबंध

    पाँच या उससे अधिक व्यक्तियों का एक स्थान पर एकत्र होना. सरकारी कार्य, शवयात्रा को छोड़कर.
    किसी भी प्रकार के ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग.
    बंदूक, राइफल, रिवॉल्वर, बम, बारूद जैसे अस्त्र-शस्त्र लेकर चलना.
    लाठी-डंडा, तीर-धनुष, भाला जैसे हरवे हथियार रखना.
    किसी भी प्रकार की बैठक या आमसभा का आयोजन.
    प्रशासन ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
    जन शिकायत या सहायता के लिए रांची जिला प्रशासन का आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर अबुआ साथी 9430328080 जारी किया गया है.



    Related News