रांची (RANCHI): रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में मेडिकल छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म मामले का पुलिस में खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार है. बता दें कि मामला 12 अप्रैल को सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और 13 अप्रैल की सुबह पीड़िता का बयान दर्ज किया गया.
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि छात्रा को जन्मदिन पार्टी के बहाने बुलाया गया था. वहां उसे पिज्जा में नशीला पदार्थ मिलाकर खिलाया गया, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. इसी दौरान आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में दानिश, फैसल उर्फ फहद और ओली विश्वकर्मा शामिल हैं. इनमें से दो को पश्चिम बंगाल से उस वक्त पकड़ा गया, जब वे भागने की कोशिश कर रहे थे, जबकि तीसरे को रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया.
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि आरोपियों ने घटना के बाद सबूत मिटाने का प्रयास भी किया था. साथ ही, पीड़िता की एक महिला मित्र पर भी मामले को दबाने या भटकाने की कोशिश करने का संदेह जताया गया है. इस घटना में चार लोगों की संलिप्तता सामने आई है. मुख्य आरोपी शादाब, जो इस पार्टी का आयोजक था, अभी फरार है. पुलिस की विशेष टीम उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है.
Thenewspost - Jharkhand
4+


