गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजी रांची, टीएसपीसी ने फायरिंग कर कारोबारियों को दी खुली धमकी

    गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजी रांची, टीएसपीसी ने फायरिंग कर कारोबारियों को दी खुली धमकी

    रांची (RANCHI): राजधानी रांची में अपराध और उग्रवाद का ग्राफ लगातार बढ़ता नजर आ रहा है. कहीं अपराधी फायरिंग कर रहे हैं तो कहीं उग्रवादी संगठन सक्रिय हैं. दोनों ही मामलों में निशाने पर कारोबारी हैं. ताजा घटना रांची के खलारी थाना क्षेत्र की है, जहां शुक्रवार सुबह डकरा कांटा घर में टीएसपीसी उग्रवादियों ने हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी.

    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार अपराधी अचानक कांटा घर पहुंचे, कई राउंड फायरिंग की और एक पर्चा फेंककर मौके से फरार हो गए. फायरिंग के बाद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और कामकाज पूरी तरह ठप हो गया. सूचना मिलते ही खलारी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार अपराधी फायरिंग करते नजर आए हैं. घटना की जिम्मेदारी टीएसपीसी संगठन ने ली है. पर्चे में ‘सुदर्शन जी’ के नाम से कोयला और ईंट कारोबारियों को चेतावनी दी गई है कि संगठन की अनुमति के बिना काम करने पर जान-माल की जिम्मेदारी खुद की होगी.

    खलारी थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है. गौरतलब है कि राजधानी में तीन दिनों के भीतर फायरिंग की यह दूसरी घटना है. इससे पहले बुधवार को बीआईटी ओपी क्षेत्र में राहुल सिंह गैंग ने कार शोरूम संचालक को धमकाते हुए फायरिंग और रंगदारी की मांग की थी.



    Related News