जनगणना 2027 को लेकर पाकुड़ में तैयारी तेज, उपायुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक

    Preparations for Census 2027 intensify in Pakur; review meeting held under the chairmanship of the Deputy Commissioner |जनगणना 2027 को लेकर पाकुड़ में तैयारी तेज, उपायुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक

    पाकुड़ (PAKUR): जनगणना 2027 के सफल आयोजन को लेकर पाकुड़ जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं. इसी क्रम में समाहरणालय में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जनगणना से जुड़े विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे.

    बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनगणना का कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और पूरी सटीकता के साथ किया जाए, क्योंकि यह देश के विकास से जुड़ी एक अहम प्रक्रिया है. उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और तय समय-सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने को कहा.

    जिला सांख्यिकी पदाधिकारी चंद्रजीत खलको ने बताया कि जनगणना 2027 के लिए सभी आवश्यक कोषांगों का गठन कर लिया गया है. नोडल पदाधिकारी और मास्टर ट्रेनर भी नामित कर दिए गए हैं. गांवों की सूची का सत्यापन, क्षेत्रीय सीमाओं में आवश्यक सुधार और मलीन बस्तियों से संबंधित नक्शे तैयार कर निदेशालय को भेज दिए गए हैं.

    उन्होंने बताया कि जनगणना का कार्य दो चरणों में संपन्न होगा और पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से CMMS पोर्टल के जरिए की जाएगी. प्रत्येक प्रखंड में कम से कम छह मास्टर ट्रेनर तैनात किए जाएंगे। 14 मई 2026 से 15 जून 2026 के बीच सभी प्रगणकों की नियुक्ति पूरी कर ली जाएगी. एक प्रगणक को करीब 700 से 800 लोगों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी.

    जनगणना कार्य में लगे सभी प्रगणकों को आवश्यक किट उपलब्ध कराई जाएगी और 4GB RAM वाले स्मार्टफोन का उपयोग अनिवार्य होगा. बैठक के अंत में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करें, ताकि जनगणना 2027 का कार्य जिले में सुचारु रूप से संपन्न हो सके.

    रिपोर्ट: विकास कुमार



    Related News