रांची से लापता दो बच्चों को पुलिस ने सकुशल किया बरामद, परिवार के टॉर्चर से परेशान होकर भाई-बहन ने छोड़ा था घर

    रांची से लापता दो बच्चों को पुलिस ने सकुशल किया बरामद, परिवार के टॉर्चर से परेशान होकर भाई-बहन ने छोड़ा था घर

    रांची (RANCHI): राजधानी के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से रहस्यमय तरीके से लापता हुए दो बच्चों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बरामद कर लिया है. दोनों बच्चों को तुपुदाना के दसमाइल इलाके से खोज निकाला गया. बरामद बच्चों में एक लड़का और एक लड़की शामिल हैं. बच्चों के सकुशल मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है.

    जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों दोनों बच्चे अचानक अपने घर से गायब हो गए थे. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था. परिजनों की शिकायत मिलते ही जगन्नाथपुर थाना पुलिस हरकत में आ गई और मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत विशेष टीम का गठन किया गया.

    पुलिस टीम का नेतृत्व हटिया डीएसपी नीरज कुमार ने किया. अधिकारियों ने बताया कि बच्चों की तलाश के लिए तकनीकी अनुसंधान और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की गई. लगातार लोकेशन ट्रैकिंग और विभिन्न इलाकों में छानबीन के बाद पुलिस को सफलता मिली और दोनों बच्चों को तुपुदाना के दसमाइल क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर लिया गया.

    प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि दोनों बच्चे परिवार के टॉर्चर और दबाव से परेशान होकर घर छोड़कर चले गए थे. फिलहाल पुलिस बच्चों की काउंसलिंग कराने और पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है. रांची पुलिस की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की इलाके में सराहना हो रही है. अधिकारियों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में पुलिस पूरी गंभीरता के साथ कार्रवाई करती रहेगी.



    Related News