पलामू : अनियंत्रित टेम्पो पलटने से हुआ बड़ा हादसा, 15 वर्षीय किशोर की मौत, घर में पसरा मातम

    पलामू : अनियंत्रित टेम्पो पलटने से हुआ बड़ा हादसा, 15 वर्षीय किशोर की मौत, घर में पसरा मातम

    पलामू (PALAMU): जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. तेलाड़ी मोड़ के पास एक अनियंत्रित टेम्पो के पलटने से 15 वर्षीय किशोर करण कुमार की जान चली गई. इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल बन गया.

    जानकारी के अनुसार, करण कुमार अपने चचेरे भाई के साथ टेम्पो से छतरपुर बाजार जा रहा था. इसी दौरान तेलाड़ी मोड़ के समीप चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वाहन अचानक पलट गया. हादसे में करण गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य यात्रियों को भी चोटें आईं.

    स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल किशोर को तुरंत छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया. हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया. हालांकि, वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

    घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पुलिस चौकी की टीम सक्रिय हो गई और मौके पर पहुंचकर परिजनों से जानकारी जुटाई. पुलिस ने आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. इस हादसे ने न केवल एक परिवार से उनका चिराग छीन लिया, बल्कि पूरे गांव को गमगीन कर दिया है. करण की असामयिक मौत से हर कोई स्तब्ध है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.



    Related News