जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): टाटानगर रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत वर्ल्ड-क्लास स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है. स्टेशन पर आधुनिक सुविधाओं, शानदार भवन और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर का दावा किया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर दिखा रही है. यात्री सुविधाओं पर फिलहाल रेलवे का ध्यान कम नजर आ रहा है. एक ओर ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी से यात्री घंटों प्लेटफॉर्म पर फंसे रहने को मजबूर हैं, तो दूसरी ओर स्टेशन परिसर में कई फूड स्टॉल और रेस्टोरेंट बंद पड़े हैं. इससे यात्रियों की मुश्किलें दोगुनी हो गई हैं. ट्रेन लेट होने पर लोगों को प्लेटफॉर्म पर ही इंतजार करना पड़ता है, लेकिन खाने-पीने की समुचित व्यवस्था नहीं होने से वे परेशान हैं. रात के समय यह और भी कठिन हो जाता है. जानकारी के अनुसार टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण फूड स्टॉल और रेस्टोरेंट दोबारा शुरू नहीं हो पा रहे हैं. सवाल यह है कि जब स्टेशन को वर्ल्ड-क्लास बनाया जा रहा है, तो बुनियादी सुविधाएं कब बहाल होंगी?
महीनों से बंद है रेल के डब्बे में बना रेस्टोरेंट
टाटानगर रेलवे स्टेशन के सेकेंड एंट्री गेट (बर्मामाइंस की ओर ) बना अनोखा और आकर्षक ‘द रेल रेस्टोरेंट’ महीनों से बंद पड़ा है. ट्रेन के डब्बे की तर्ज पर बनाए गए इस रेस्टोरेंट का उद्घाटन सितंबर 2023 में किया गया था. उस समय इसे स्टेशन की नई पहचान माना जा रहा था. यात्री और स्थानीय लोग यहां रेल के डिब्बे जैसे माहौल में बैठकर भोजन का आनंद लेते थे. रेस्टोरेंट की बनावट और थीम लोगों को काफी पसंद आई थी. लेकिन कुछ ही महीनों बाद यह अनोखा रेस्टोरेंट बंद हो गया. अब इसकी चमक फीकी पड़ती जा रही है. रात के समय रेस्टोरेंट के नीचे का हिस्सा असामाजिक तत्वों का ठिकाना बन गया है. यहां बैठकर शराब सेवन किया जा रहा है. जिस रेस्टोरेंट को यात्रियों की सुविधा और स्टेशन की खूबसूरती बढ़ाने के लिए बनाया गया था, वही अब उपेक्षा का शिकार है.
प्लेटफॉर्म पर कई स्टाल बंद
टाटानगर रेलवे स्टेशन के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर बंद पड़े फूड स्टॉल यात्रियों की परेशानी लगातार बढ़ा रहे हैं. स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर कई स्टॉल लंबे समय से बंद पड़े हैं. प्लेटफॉर्म नंबर 4 और 5 पर भी कई खानपान केंद्र संचालित नहीं हो रहे हैं. ऐसे में यात्रियों को खाने-पीने की समुचित सुविधा नहीं मिल पा रही है. सिर्फ लेटफॉर्म नंबर 1 पर ही फूड स्टॉल और रेस्टोरेंट पूरी तरह से चालू हैं. दूसरी ओर अन्य प्लेटफॉर्म पर ट्रेन का इंतजार कर रहे लोगों को नाश्ता और भोजन के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है. सबसे ज्यादा परेशानी लंबी दूरी की ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों को हो रही है. यात्रियों ने रेलवे से जल्द बंद स्टॉल खोलने की मांग की है.
क्या कहते है अधिकारी
चक्रधरपुर (सीकेपी) रेल डिवीजन के सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी ने बताया कि बंद पड़े फूड स्टाल और रेस्टोरेंट जल्द खुलेंगे. रिटेंडर के लिए रेलवे ने प्रक्रिया पूरी कर ली है. टेंडर होने के बाद इन्हें खोल दिया जाएगा. यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखा जाएगा. वहीं, ट्रेनों की लेटलतीफी वाले सवाल पर उन्होंने कहा कि इसमें सुधार किया जा रहा है.

