खूंटी (KHUNTI): जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां एक मजदूर महिला ने पारिवारिक तनाव और सामाजिक दबाव के कारण आत्महत्या कर ली. मृतका की पहचान करीब 40 वर्षीय निशा देवी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सिमडेगा जिले के ठेठईटांगर थाना क्षेत्र की रहने वाली थी. वह अपनी एक बेटी के साथ खूंटी में किराये के मकान में रहकर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रही थी.
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले उसकी छोटी बेटी बिना कुछ बताए घर से चली गई थी. इस घटना के बाद से ही निशा देवी काफी मानसिक तनाव में थीं और उन्हें समाज में बदनामी का डर सताने लगा था. बेटी के अचानक घर छोड़ने से वह गहरे सदमे में चली गई थीं. बताया जा रहा है कि घटना वाली रात करीब आठ बजे निशा देवी ने अपनी बड़ी बेटी नेहा प्रधान से फोन पर बात की थी. बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी परेशानी जाहिर की और आत्महत्या करने की बात कही. बेटी ने उन्हें ऐसा कदम न उठाने के लिए समझाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने किसी की बात नहीं मानी और अपने किराए के घर में फांसी लगाकर जान दे दी.
मृतका की बड़ी बेटी ने बताया कि उसकी छोटी बहन किसी युवक से बातचीत करती थी और उसी के पास बिना बताए चली गई थी. यही बात उनकी मां को गहरा आघात पहुंचा गई, जिसे वह सहन नहीं कर सकीं. इस घटना ने एक बार फिर समाज में बढ़ते मानसिक दबाव और पारिवारिक संवाद की कमी को उजागर किया है. पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है.


