टीएनपी डेस्क (TNP DESK): JAC ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के परिणाम जारी होने के बाद छात्रों को राहत देने वाला बड़ा फैसला लिया है. जिन विद्यार्थियों को अपने अंकों पर संदेह है या उम्मीद से कम नंबर मिले हैं, उनके लिए परिषद ने स्क्रूटनी यानी उत्तरपुस्तिका पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है. इस संबंध में जैक ने आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी है.
बोर्ड की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, छात्र 16 मई से 26 मई 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से स्क्रूटनी के लिए आवेदन कर सकेंगे. आवेदन केवल जैक की आधिकारिक वेबसाइट पर ही स्वीकार किए जाएंगे. निर्धारित तिथि के बाद भेजे गए आवेदन या ऑफलाइन आवेदन मान्य नहीं होंगे. स्क्रूटनी के लिए छात्रों को प्रति विषय निर्धारित शुल्क जमा करना होगा. मैट्रिक परीक्षा के लिए 500 रुपये प्रति विषय जबकि इंटरमीडिएट के छात्रों को 800 रुपये प्रति विषय शुल्क देना होगा. भुगतान की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है.
जैक ने साफ किया है कि स्क्रूटनी का मतलब उत्तरपुस्तिका का दोबारा मूल्यांकन नहीं है. इस प्रक्रिया में केवल तकनीकी त्रुटियों की जांच की जाएगी. इसमें देखा जाएगा कि किसी उत्तर के अंक मुख्य पृष्ठ पर चढ़ाने में गलती तो नहीं हुई, कोई उत्तर जांच से छूट तो नहीं गया या कुल अंकों के जोड़ में कोई त्रुटि तो नहीं है. बोर्ड ने छात्रों को यह भी सलाह दी है कि स्क्रूटनी में अंकों में बड़े बदलाव की संभावना कम रहती है. इसलिए जो छात्र परीक्षा में असफल हुए हैं, वे स्क्रूटनी के परिणाम का इंतजार करने के बजाय संपूरक परीक्षा 2026 या वार्षिक परीक्षा 2027 के लिए आवेदन जरूर कर दें, ताकि उनका एक साल खराब न हो. जैक ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्क्रूटनी की सुविधा केवल सैद्धांतिक विषयों के लिए लागू होगी. प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट के अंकों में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा. ऐसे में जिन छात्रों को अपने रिजल्ट को लेकर असंतोष है, उनके लिए यह एक महत्वपूर्ण मौका साबित हो सकता है.

