चतरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 1.30 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त, तस्कर फरार

    Chatra, Jharkhand
    चतरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 1.30 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त, तस्कर फरार

    चतरा (CHATRA) : पुलिस को प्रतिबंधित मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई सुनियोजित कार्रवाई में पुलिस ने करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये मूल्य का अफीम, डोडा, गांजा और पोस्ता दाना बरामद किया है. साथ ही तस्करी में प्रयुक्त बाइक, नगद राशि और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं.

    समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि लावालौंग थाना क्षेत्र के बूढ़ी गांव निवासी तीन सगे भाईयों मनोज गंझू, बब्लू गंझू और कमलेश गंझू के घरों के अलावा सिलदाग गांव निवासी बिपिन कुमार यादव के अस्थायी ठिकाने तथा सौरू नावाडीह गांव निवासी राकेश गंझू के घर में भारी मात्रा में मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया है.

    इस सूचना के आधार पर सिमरिया एसडीपीओ शुभम कुमार खंडेलवाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम में लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार एवं एनडीपीएस थाना प्रभारी शमी अंसारी समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस ने पेशेवर तरीके से छापेमारी अभियान चलाते हुए विभिन्न ठिकानों से 16 किलो 950 ग्राम गीला अफीम, 296 किलो 950 ग्राम डोडा, 50 ग्राम गांजा और 76 किलो 700 ग्राम पोस्ता दाना बरामद किया है.

    इसके अलावा 3 लाख 11 हजार 600 रुपये नकद, एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल तथा आरोपियों के आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक पासबुक भी जब्त किए गए हैं. हालांकि पुलिस की दबिश की भनक लगते ही सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.

    एसपी ने बताया कि फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा. उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि चतरा पुलिस अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है. किसी भी परिस्थिति में तस्करों को जिले में पनपने नहीं दिया जाएगा. कानून तोड़ने वालों को हर हाल में सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा.

    रिपोर्ट - विकास कुमार 

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news