रांची (RANCHI): पंडरा ओपी क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया. ओटीसी मैदान के पास अज्ञात अपराधियों ने जमीन कारोबारी भार्गव सिंह को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गंभीर रूप से घायल भार्गव सिंह को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब साढ़े आठ बजे की है जब भार्गव सिंह रोज की तरह मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे. इसी दौरान बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने उन पर गोलियां चला दीं और मौके से फरार हो गए. गोली लगने के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले सिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पारस अस्पताल रेफर किया गया. डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी.
मृतक भार्गव सिंह बैंक कॉलोनी, ओझा मार्केट के निवासी थे और “गोल्डन सिटी इंडिया” नामक कंपनी का संचालन करते थे. घटना के बाद पुलिस महकमा पूरी तरह सक्रिय हो गया. रांची के एसएसपी राकेश रंजन खुद मामले की निगरानी कर रहे थे. पुलिस को शुरुआती जांच में बड़ी सफलता हाथ लगी है. घटना के कुछ ही घंटों के भीतर मामले के कथित मास्टरमाइंड विजय टेटे को शहर से भागने की कोशिश करते वक्त गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तारी के समय उसकी पत्नी भी उसके साथ मौजूद थी. फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है. इस घटना ने शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.


