JPSC 11वीं-13वीं सिविल सेवा: 197 उम्मीदवारों को कल मोरहाबादी मैदान में नियुक्ति पत्र बाटेंगे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

    JPSC 11वीं-13वीं सिविल सेवा: 197 उम्मीदवारों को कल मोरहाबादी मैदान में नियुक्ति पत्र बाटेंगे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

    रांची (RANCHI): झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 11वीं से 13वीं सिविल सेवा परीक्षा में चयनित उम्मीदवारों को राज्य सरकार कल, 28 नवंबर को नियुक्ति पत्र सौंपेगी. यह समारोह मोरहाबादी मैदान में आयोजित होगा. कुल 342 अनुशंसित अभ्यर्थियों में से 197 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे. कार्यक्रम की तैयारी को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारी मैदान में तैनात रहेंगे.

    सूत्रों के अनुसार, 10 उम्मीदवार फिलहाल नियुक्ति पत्र नहीं पाएंगे क्योंकि उनके मामले अभी न्यायिक प्रक्रिया में हैं. डिप्टी कलक्टर पद के लिए चयनित सूरज कुमार यादव, जो पहले डिलिवरी ब्वॉय के रूप में काम कर चुके हैं, भी नियुक्ति पत्र पाने वाले अभ्यर्थियों में शामिल हैं. उनका चयन इस परीक्षा की सबसे प्रेरक कहानियों में गिना जा रहा है.

    कार्मिक विभाग ने नियुक्ति पत्र वितरण के लिए चार काउंटर बनाए हैं. काउंटर नंबर 2 से क्रम संख्या 51 से 100 तक के अभ्यर्थियों को पत्र दिए जाएंगे. हालांकि क्रम संख्या 81 से 88 तक के आठ अभ्यर्थियों को छोड़कर बाकी सभी को नियुक्ति पत्र सौंपने की तैयारी पूरी है.

    झारखंड हाईकोर्ट ने 11वीं सिविल सेवा परीक्षा से जुड़े कुछ मामलों की सुनवाई करते हुए दिव्यांग कोटा के पांच और स्पोर्ट्स कोटा के चार पद फिलहाल रिजर्व रखने के निर्देश दिए हैं. न्यायालय के अंतिम आदेश के बाद ही इन पदों पर नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे.

    नियुक्ति पत्र वितरण समारोह को लेकर उम्मीदवारों और उनके परिवारों में उत्साह का माहौल है. सरकार का कहना है कि यह कार्यक्रम युवाओं को सरकारी सेवा में प्रवेश दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news