लोहरदगा (LOHARDAGA): झारखंड के नेशनल हाईवे-39 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी. कुड़ू-रांची मुख्य मार्ग पर ढुलुवाखुंटा के पास मालवाहक वाहन और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए हाईवे जाम हो गया.
जानकारी के अनुसार, सरकारी शराब से लदा 407 मालवाहक वाहन रांची की ओर से कुड़ू जा रहा था. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही स्कूटी को उसने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेजा गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने में जुट गई. हादसे के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया था, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद हटाया गया. पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ-साथ यातायात बहाल करने का काम भी किया. इधर, अस्पताल में इलाज के दौरान घायल महिला ने भी दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई. पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
हादसे में तीन वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिनमें शराब लदा मालवाहक वाहन, स्कूटी और एक कार शामिल है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है. इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार के खतरे को उजागर कर दिया है.


