चतरा में पूर्व TSPC कमांडर को मिली चेतावनी, पोस्टर चिपका कर दी गई गांव छोड़ने की धमकी

    Former TSPC commander in Chatra receives warning, threatened to leave village via poster |चतरा में पूर्व TSPC कमांडर को मिली चेतावनी, पोस्टर चिपका कर दी गई गांव छोड़ने की धमकी

    चतरा (CHATRA): जिले के कुंदा थाना क्षेत्र के गेंदरा गांव में एक बार फिर दहशत का माहौल बन गया है. बुधवार देर रात श्याम भोक्ता के घर पर एक धमकी भरा पोस्टर चिपकाया गया, जिसमें उन्हें गांव छोड़ने या अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई है. पोस्टर पर माओवादी संगठन की दक्षिणी जोनल कमेटी का नाम दर्ज है. इसमें श्याम भोक्ता को पुलिस का मुखबिर बताते हुए गोली मारने की धमकी दी गई है.

    पोस्टर में पिछले वर्ष 28 दिसंबर की घटना का भी उल्लेख है. उस रात जमीन और वर्चस्व को लेकर हुई हिंसक झड़प में लावालौंग के देवेंद्र गंझू और चुरामन गंझू मारे गए थे. हमले में श्याम भोक्ता और उनके साले गोपाल गंझू घायल हुए थे. ताजा पोस्टर में मारे गए दोनों लोगों को ‘शहीद’ बताते हुए लाल सलाम लिखा गया है, साथ ही घटना के दौरान विरोध करने वाले ग्रामीणों को भी चेतावनी दी गई है.

    श्याम भोक्ता की पत्नी ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने मामले में केवल एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य खुले घूम रहे हैं. इधर सिमरिया एसडीपीओ शुभम खंडेलवाल ने बताया कि पोस्टर जब्त कर लिया गया है और अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.



    Related News