रांची के सुकुरहुटू में दिनदहाड़े फायरिंग, इलाके में दहशत

    रांची के सुकुरहुटू में दिनदहाड़े फायरिंग, इलाके में दहशत

    रांची(RANCHI): के कांके थाना क्षेत्र के सुकुरहुटू गांव में रविवार को गोली चलने की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई. बताया जा रहा है कि गांव निवासी शिव महतो के घर के बाहर अचानक फायरिंग की गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो अज्ञात बदमाश मौके पर पहुंचे और गोली चलाने के बाद वहां से फरार हो गए.

    घटना के बाद स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई. आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाने की कोशिश की.

    जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से दो खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है. शुरुआती जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फायरिंग के पीछे की वजह क्या थी और अपराधियों का उद्देश्य क्या हो सकता है.

    पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. घटना के बाद से इलाके में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है.



    Related News