Big News : दुमका में होमगार्ड भर्ती का फर्जी नोटिस वायरल, प्रशासन का सख्त अलर्ट

    Big News : दुमका में होमगार्ड भर्ती का फर्जी नोटिस वायरल, प्रशासन का सख्त अलर्ट

    दुमका(DUMKA):सोशल मीडिया की विश्वसनीयता पर समय समय पर सवाल उठते रहे हैं. कई मामलों में लोग बिना जांचे परखे जानकारी पर भरोसा कर ठगी और भ्रम का शिकार हो जाते हैं. ताजा मामला दुमका जिले से सामने आया है, जहां होमगार्ड भर्ती को लेकर एक फर्जी सूचना पत्र वायरल किया जा रहा है. जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस रिलीज में बताया गया है कि वायरल हो रहे विज्ञापन/सूचना पत्र में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के नाम का दुरुपयोग किया गया है. इसमें फर्जी हस्ताक्षर के साथ 10 अप्रैल 2026 की तिथि अंकित कर इसे आधिकारिक रूप देने की कोशिश की गई है.

    प्रशासन ने बताया पूरी तरह फर्जी और भ्रामक

    प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, झारखंड गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) दुमका में भर्ती को लेकर वायरल यह नोटिस पूरी तरह भ्रामक और असत्य है. इसमें शारीरिक जांच और लिखित परीक्षा की तिथियों का उल्लेख किया गया है, जिससे अभ्यर्थियों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है.

    अभ्यर्थियों से अपील सिर्फ आधिकारिक सूचना पर करें भरोसा

    जिला जनसंपर्क कार्यालय, दुमका ने स्पष्ट किया है कि ऐसी किसी भी वायरल सूचना का कोई आधिकारिक आधार नहीं है. प्रशासन ने युवाओं और अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत स्रोतों से जारी सूचना पर ही विश्वास करें.

    भर्ती प्रक्रिया पर प्रशासन की तैयारी जारी

    रिलीज में यह भी बताया कि भर्ती प्रक्रिया से संबंधित शारीरिक जांच और परीक्षा तिथियों को लेकर आवश्यक कार्रवाई जारी है. सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही आधिकारिक रूप से तिथियों की घोषणा की जाएगी.

    फर्जी सूचना फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

    इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने फर्जी सूचना फैलाने वालों की पहचान शुरू कर दी है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की अफवाहों पर रोक लगाई जा सके.

    रिपोर्ट: पंचम झा  



    Related News