नगर निकाय चुनाव से पहले एक्शन मोड में उत्पाद विभाग, 400 लीटर महुआ शराब जब्त

    Excise department in action mode ahead of municipal elections, 400 litres of Mahua liquor seized |नगर निकाय चुनाव से पहले एक्शन मोड में उत्पाद विभाग, 400 लीटर महुआ शराब जब्त

    धनबाद (DHANBAD): नगर निकाय चुनाव को लेकर उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है. इसी क्रम में बुधवार को बलियापुर थाना क्षेत्र के परेशानियां जोगनकोचा में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में महुआ शराब जब्त की गई.

    मिली जानकारी के अनुसार, जोगनकोचा इलाके में अवैध तरीके से महुआ शराब की चुआई किए जाने की सूचना उत्पाद विभाग को मिली थी. सूचना के आधार पर टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई. छापेमारी के दौरान 400 लीटर तैयार महुआ शराब बरामद की गई, जबकि करीब 1000 किलो जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. इसके अलावा शराब बनाने में उपयोग की जा रही चार भट्ठियों को भी तोड़ दिया गया.

    उत्पाद विभाग के एएसआई जॉय हेंब्रम ने बताया कि निगम चुनाव को देखते हुए अवैध शराब के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ विधि-सम्मत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है.

    बताया जा रहा है कि दुखन रवानी और मनोज रवानी द्वारा उक्त भट्ठियों का संचालन किया जा रहा था. विभाग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.  

    रिपोर्ट : नीरज कुमार



    Related News