दुमका:कोर्ट परिसर बना अखाड़ा, दो अलग अलग मामलों में पत्नियों ने पतियों को पीटा

    दुमका व्यवहार न्यायालय परिसर सोमवार को उस समय रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब दो अलग अलग मामलों में पत्नियों ने अपने अपने पतियों की सरेआम पिटाई कर दी. इस दौरान कोर्ट परिसर में अफरा तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई.

    दुमका(DUMKA): व्यवहार न्यायालय परिसर सोमवार को उस समय रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब दो अलग अलग मामलों में पत्नियों ने अपने अपने पतियों की सरेआम पिटाई कर दी. इस दौरान कोर्ट परिसर में अफरा तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई.

    पहला मामला: पति पर  दूसरी शादी का आरोप

    मसलिया थाना क्षेत्र के छैलापाथर गांव की रहने वाली एक महिला ने अपने पति पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाया. महिला ने आरोप लगाया कि पति ने उसके घर में घुसकर मारपीट भी की थी, जिसकी शिकायत थाने में दर्ज है. इसके बावजूद, वारंट जारी होने के बाद भी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया. इस मामले में महिला ने फैमिली कोर्ट में मेंटेनेंस का केस भी दायर कर रखा है.

    कोर्ट में आमना सामना, फिर शुरू हुई पिटाई

    सोमवार को महिला जब अपने परिजनों के साथ कोर्ट पहुंची, तभी अचानक उसकी नजर अपने पति पर पड़ी. गुस्से में महिला ने तुरंत पति को पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी. इस दौरान पति के साथ मौजूद एक व्यक्ति ने जब महिला पर हाथ उठाने की कोशिश की, तो वहां मौजूद लोग महिला के समर्थन में उतर आए. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और धक्का मुक्की हुई.

    भागने लगा पति, पत्नी ने दौड़ा दौड़ाकर पीटा

    हंगामे के बीच आरोपी पति मौके से भागने लगा, लेकिन महिला ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया और फिर से पीटना शुरू कर दिया. कोर्ट परिसर में मौजूद लोग इस पूरे घटनाक्रम को देखते रहे, जबकि कुछ लोग बीच बचाव करते नजर आए.

    पति ने कहा पत्नी नहीं रहना चाहती है साथ, दूसरी शादी से इनकार

    इस पूरे मामले मे पति ने पत्नी के आरोप को निराधार बताया. उसका कहना है कि पत्नी साथ रहना नहीं चाहती. कई बार आत्महत्या की कोशिश भी कर चुकी है. पति ने दूसरी शादी से इनकार किया है.

    दूसरा मामला: पति-पत्नी और वो का हाई वोल्टेज ड्रामा

    कोर्ट परिसर में एक और मामला सामने आया, जहां एक अन्य महिला ने भी अपने पति पर दूसरी शादी का आरोप लगाते हुए हंगामा किया. महिला का आरोप है कि 16 वर्षों तक साथ रहने के बाद पति ने दूसरी शादी कर ली ह. इस दौरान एक व्यक्ति खुद को उस पुरुष का ससुर बताते हुए उसे अपना दामाद बता रहा था, जिससे विवाद और बढ़ गया. महिला बार बार अपने पति का गिरेबान पकड़ती रही और पुलिस को बुलाने की मांग करती रही. पुलिस के देर से पहुंचने के कारण स्थिति और तनावपूर्ण हो गई. महिला का मनकी देवी बताया जा रहा है जबकि आरोपी पति का नाम रामभरन दास है जो जरमुंडी थाना क्षेत्र का रहने वाला है.

    वीडियो वायरल, पुलिस की एंट्री

    घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. सूचना मिलते ही कोर्ट गेट पर तैनात पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को हिरासत में ले लिया.

    दोनों मामलों की जांच में जुटी पुलिस

    इस बाबत पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है . सभी पक्षों से पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news