चलती ट्रेन से गिरा दंपति, दोनों की हालत नाजुक, धनबाद में चल रहा इलाज

    चलती ट्रेन से गिरा दंपति, दोनों की हालत नाजुक, धनबाद में चल रहा इलाज

    धनबाद (DHANBAD): झारखंड के धनबाद में चलती पूर्वा एक्सप्रेस से गिरकर एक दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों का इलाज धनबाद के SNMMCH अस्पताल में जारी है और उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है.

    यह घटना ढोकरा होल्ट के पास पोल संख्या 226/18 के समीप हुई. जानकारी के अनुसार, दंपति दिल्ली से हावड़ा जा रही पूर्वा एक्सप्रेस के जनरल कोच में सफर कर रहे थे. यात्रा के दौरान दोनों वॉशरूम की ओर जा रहे थे, तभी अचानक पति का संतुलन बिगड़ गया और वह गिरने लगे. पति को गिरता देख पत्नी ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान वह खुद भी संतुलन खो बैठी और दोनों चलती ट्रेन से नीचे जा गिरे.

    हादसा बेहद गंभीर था. गिरने के कारण दोनों को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वे घटनास्थल पर ही तड़पते रहे. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कंट्रोल रूम सक्रिय हुआ, जिसके बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया.

    धनबाद जीआरपी के जवान राकेश कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची, जहां दोनों घायल अवस्था में मिले. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए SNMMCH अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    फिलहाल दोनों घायलों की पहचान नहीं हो पाई है, जिससे उनके परिजनों को सूचना देने में परेशानी हो रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ.

    रिपोर्ट : नीरज कुमार


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news