टीएनपी डेस्क (TNP DESK): झारखंड में जंगली हाथियों के हमलों में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के लिए सरकार ने अहम पहल की है. प्रस्तावित निर्णय के तहत अब मृतकों के परिजनों को मिलने वाली मुआवजा राशि 4 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की तैयारी है. इसके साथ ही प्रभावित परिवारों को हर महीने 2,000 रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता देने का प्रावधान भी किया गया है.
एक प्रयास का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। सरकार द्वारा प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है, जिसके तहत हाथियों के हमलों से जान गंवाने वालों का मुआवजा राशि 4 लाख रुपए से बढ़ाकर 10 लाख रुपए करने का निर्णय लिया गया है।
— Jairam Kumar Mahato MLA (@Tigerjairam) April 20, 2026
इसके साथ ही पीड़ित परिवारों को हर माह 2,000 रुपए की अतिरिक्त सहायता… pic.twitter.com/71oTvIAREX
इस संबंध में जानकारी देते हुए डुमरी के विधायक जयराम महतो ने बताया कि यह मुद्दा पहले झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र में उठाया गया था. उन्होंने कहा कि विधायक अमित यादव ने गैर-सरकारी संकल्प के माध्यम से हाथी हमलों में मारे गए लोगों के आश्रितों के लिए अधिक मुआवजा और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की थी. हालांकि व्यक्तिगत कारणों से वे उस दिन सदन में उपस्थित नहीं हो सके, जिसके बाद उनके आग्रह पर जयराम महतो ने इस विषय को प्रमुखता से उठाया.
सदन में हुई चर्चा के दौरान सरकार से मुआवजा राशि बढ़ाने की मांग जोरदार तरीके से रखी गई, ताकि पीड़ित परिवारों को बेहतर आर्थिक सहारा मिल सके. इस प्रस्ताव को अब सरकार की ओर से सकारात्मक रूप में लिया गया है और इसे लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं.
गौरतलब है कि झारखंड के कई इलाकों में हाथियों के हमले की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं, जिनमें हर साल कई लोगों की जान चली जाती है. ऐसे में मुआवजा राशि में बढ़ोतरी और मासिक सहायता का यह फैसला प्रभावित परिवारों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है. इससे न सिर्फ आर्थिक मदद मिलेगी, बल्कि ऐसे परिवारों को भविष्य में सहारा भी मिल सकेगा.


