रांची( RANCHI): निजी स्कूलों में फीस वसूली को लेकर बढ़ती शिकायतों के बीच जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है. इस मुद्दे पर आयोजित एक अहम बैठक में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने स्कूल प्रबंधन और प्राचार्यों को सीधे तौर पर जवाबदेह ठहराया. बताया जा रहा है कि अभिभावकों ने व्हाट्सएप के जरिए बड़ी संख्या में शिकायतें दर्ज कराई थीं, जिसके आधार पर प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की.
करीब 140 शिकायतों की समीक्षा के बाद अलग-अलग निजी स्कूलों के प्राचार्यों और प्रबंधन प्रतिनिधियों को बैठक में बुलाकर जबाब मांगा गया. शिकायतों में री-एडमिशन फीस, एनुअल चार्ज और डेवलपमेंट फीस के नाम पर अधिक रकम वसूले जाने के आरोप शामिल हैं. इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
बैठक के दौरान कुछ स्कूलों के प्राचार्यों की अनुपस्थिति पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई. उनकी जगह शिक्षकों को भेजे जाने को भी लापरवाही मानते हुए प्रशासन ने चेतावनी दी कि इस तरह की कार्यशैली पर कार्रवाई हो सकती है. वहीं, कई स्कूल प्रतिनिधियों की ओर से फीस पर संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर भी असंतोष व्यक्त किया गया.
प्रशासन ने सभी संबंधित स्कूलों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया है. साथ ही उन्हें विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने और अगली बैठक में प्रस्तुत करने को कहा गया है. इस पूरे मामले में अगली समीक्षा बैठक 21 अप्रैल को होगी, जिसमें आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.
Thenewspost - Jharkhand
4+


