चापानल के पानी में जहर मिलाने का आरोप, पानी इस्तेमाल करते ही बिगड़ी मां-बेटी की तबीयत

    Dhanbad, Jharkhand
    चापानल के पानी में जहर मिलाने का आरोप, पानी इस्तेमाल करते ही बिगड़ी मां-बेटी की तबीयत

    धनबाद (DHANBAD): जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां चापानल के पानी में जहर मिलाने का आरोप लगाया गया है. घटना नारायणपुर थाना क्षेत्र के भेड़ल गांव की है. पीड़ित परिवार का दावा है कि चापानल का पानी इस्तेमाल करने के बाद मां और बेटी की अचानक तबीयत बिगड़ गई. वहीं, परिवार का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस अब तक मामला दर्ज नहीं कर रही है.

    पानी से आ रही थी अजीब बदबू, नहाते ही बिगड़ी हालत
    भेड़ल गांव निवासी टी.पी. उर्मिला दासी ने इस संबंध में लिखित आवेदन दिया है. उन्होंने बताया कि 17 मई 2025 की सुबह करीब 9 बजे उनकी 32 वर्षीय बेटी प्रियंका कुमारी मंडल घर के पास लगे चापानल से पानी लेने गई थी.

    परिजनों के अनुसार, उस समय पानी से तेज और अजीब तरह की बदबू आ रही थी. इसके बावजूद जब प्रियंका ने उसी पानी से नहाना शुरू किया तो कुछ ही देर में उसकी तबीयत खराब होने लगी. अचानक चक्कर आने के कारण वह गिर पड़ी, जिससे उसके सिर में भी चोट लग गई.

    पति ने पानी इस्तेमाल किया तो उनकी भी बिगड़ी तबीयत
    पीड़िता उर्मिला दासी ने बताया कि कुछ देर बाद उनके पति तापस मंडल भी उसी चापानल से पानी लेकर आए. जैसे ही उन्होंने उस पानी का उपयोग किया, उनकी भी तबीयत बिगड़ने लगी. परिवार का आरोप है कि चापानल के पानी में किसी जहरीले पदार्थ को मिलाया गया था, जिसकी वजह से अचानक तबीयत खराब हुई.

    घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को बुलाया और मां-बेटी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया. फिलहाल दोनों का इलाज अस्पताल में जारी है.

    चापानल में जहर डालने का आरोप
    उर्मिला दासी का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर चापानल में जहरीला पदार्थ डाल दिया, जिससे उनकी बेटी की जान पर बन आई. उन्होंने इस मामले में थाना में लिखित शिकायत देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

    शिकायत के बावजूद केस दर्ज नहीं होने का आरोप
    पीड़ित परिवार का कहना है कि शिकायत देने के बाद भी नारायणपुर थाना में अब तक मामला दर्ज नहीं किया गया है. इस कारण परिवार के साथ-साथ गांव के लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यदि चापानल में जहर मिलाने जैसी गंभीर घटना की सही तरीके से जांच नहीं की गई, तो इलाके के लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है.

    ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि चापानल के पानी की जांच कराई जाए, मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. फिलहाल इस घटना के बाद गांव में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है.        

    रिपोर्ट: नीरज कुमार


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news