दुमका : मंगलवार की सुबह दुमका बस स्टैंड में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक संदिग्ध हालात में बस स्टैंड परिसर में घूमता नजर आया. एक तरफ 15 दिन पहले डीआईजी कार्यालय के सामने संताल परगना मोटर मजदूर संघ के अध्यक्ष पर हुई फायरिंग के विरोध में बस परिचालन ठप कर संगठन के लोग बस स्टैंड के प्रवेश द्वार पर धरना दे रहे थे वहीं दूसरी ओर युवक का इस तरह घूमना लोगों के लिए चिंता का कारण बन गया
तलाशी में मिला देशी कट्टा, पुलिस ने लिया हिरासत में
बस स्टैंड में युवक की गतिविधि पर शक होने पर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाशी ली. तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा बरामद किया गया। युवक ने अपना नाम मंगल किस्कू बताया, जो मसलिया का रहने वाला है. पुलिस उसे हिरासत में लेकर नगर थाना चली गई.
गोलीकांड के विरोध के बीच हथियार के साथ युवक मिलने से बढ़ी चिंता
घटना ऐसे समय सामने आई है जब बस स्टैंड में पहले से ही गोलीकांड के विरोध में आंदोलन चल रहा है और बसों का परिचालन बंद है. ऐसे में एक युवक का हथियार के साथ बस स्टैंड में घूमना लोगों के बीच कई तरह के सवाल खड़े कर रहा है.
बस स्टैंड की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद दुमका बस स्टैंड की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. लोगों का कहना है कि जिस जगह रोज हजारों यात्री आते जाते हैं वहां इस तरह खुलेआम हथियार के साथ किसी का घूमना सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी लापरवाही को दर्शाता है
युवक की मंशा पर जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल युवक की मंशा क्या थी और वह बस स्टैंड में हथियार लेकर क्यों आया था इसका खुलासा पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा. लेकिन घटना के बाद पूरे इलाके में इसकी चर्चा तेज हो गई है और लोग बस स्टैंड की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं.
रिपोर्ट पंचम झा
Thenewspost - Jharkhand
4+


