एक विवाह ऐसा भी! प्रेमिका की मौत के बाद लाश से युवक ने राचाई शादी, पर शमशान में हुआ कुछ ऐसा की प्रेमी ही हो गया गिरफ्तार

    एक विवाह ऐसा भी! प्रेमिका की मौत के बाद लाश से युवक ने राचाई शादी, पर शमशान में हुआ कुछ ऐसा की प्रेमी ही हो गया गिरफ्तार

    गिरीडीह (GIRIDIH): जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. शादी से पहले ही होने वाली दुल्हन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. दूल्हे ने मृतका की मांग में सिंदूर भरकर शादी की रस्म निभाई और फिर खुद उसकी चिता को मुखाग्नि दी. हालांकि अंतिम संस्कार के तुरंत बाद पुलिस ने दूल्हे को हत्या और अपहरण के आरोप में गिरफ्तार कर लिया.

    घटना रंगामाटी गांव की है. मृतका के पिता अनूप हांसदा ने बेंगाबाद थाना में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी बहामुनि हांसदा को चार महीने पहले शादी का झांसा देकर अगवा किया गया था. उन्होंने आरोप लगाया कि रंगामाटी निवासी मनीष मुर्मू उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और तब से वह वहीं रह रही थी. परिजनों का कहना है कि लड़का पक्ष लगातार शादी कराने का भरोसा देता रहा, इसलिए उन्होंने पुलिस में शिकायत नहीं की थी. परिवार दोनों की शादी का इंतजार कर रहा था. लेकिन शुक्रवार सुबह अचानक सूचना मिली कि बहामुनि की तबीयत बिगड़ गई है. इसके बाद उसकी मौत हो गई.

    मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि शादी से पहले लड़की के साथ मारपीट की गई और फिर उसे जहर देकर मार डाला गया. मामले में होने वाले पति मनीष मुर्मू, उसके पिता मनोज मुर्मू, मां लीलमुनि मरांडी और भाई राकेश मुर्मू को नामजद आरोपी बनाया गया है. सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि मौत के बाद मनीष मुर्मू ने बहामुनि की मांग में सिंदूर भरकर शादी की रस्म पूरी की और फिर खुद उसकी चिता को मुखाग्नि दी. यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए.

    हालांकि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अंतिम संस्कार स्थल से ही आरोपी दूल्हे को हिरासत में ले लिया. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके.



    Related News