नशे में धुत ड्राइवर ने स्कॉर्पियो से घर में मारी टक्कर, सो रही बुजुर्ग महिला की मौत

    Palamu, Jharkhand
    नशे में धुत ड्राइवर ने स्कॉर्पियो से घर में मारी टक्कर, सो रही बुजुर्ग महिला की मौत

    पलामू (PALAMU): जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही की एक दर्दनाक घटना सामने आई है. शराब के नशे में वाहन चला रहे एक ड्राइवर ने स्कॉर्पियो को अनियंत्रित कर सीधे एक घर में घुसा दिया. हादसे में घर के अंदर सो रही एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिनकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. यह घटना तरहसी थाना क्षेत्र के बिसुनपुरा गांव की बताई जा रही है.

    इलाज के दौरान बुजुर्ग महिला ने तोड़ा दम
    जानकारी के मुताबिक स्कॉर्पियो में सवार लोग सतबरवा थाना क्षेत्र के निवासी थे और तरहसी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान वाहन अचानक नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क किनारे बने एक कच्चे घर में जा घुसा. उस समय घर के अंदर 70 वर्षीय पाचो कुंअर सो रही थीं. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गईं. परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.

    पुलिस ने ड्राइवर को लिया हिरासत में
    तरहसी थाना प्रभारी आनंद राम ने बताया कि दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है. वहीं, मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंच गए. इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news