भारत के तुषार कुमार ने रचा इतिहास, ब्रिटेन के इस शहर में बने मेयर

    भारत के तुषार कुमार ने रचा इतिहास, ब्रिटेन के इस शहर में बने मेयर

    TNP DESK: भारतीय मूल के 23 वर्षीय युवा तुषार कुमार ने ब्रिटेन में इतिहास रच दिया है. उन्हें एल्स्ट्री और बोरहमवुड शहर के मेयर कए रूप में चुना गया है. खास बात यह रही कि वह ब्रिटेन के इतिहास में सबसे कम उम्र मेयर बनने वाला पहला युवा हैं. इतने कम उम्र में इस मकाम तक पहुंचना अपने में एक बड़ी उपलब्धि बन कर सामने आ रही है.

    तुषार कुमार ने लंदन के प्रतिष्ठित किंग्स कॉलेज लंदन से पॉलिटिकल साइंस की पढ़ाई की है. वह ब्रिटेन की प्रमुख राजनीतिक पार्टी लेबर पार्टी से जुड़े हुए हैं. राजनीति में उनकी दिलचस्पी छात्र जीवन के दौरान ही शुरू हो गई थी. साल 2023 में वह एल्स्ट्री और बोरहमवुड टाउन काउंसिल के सदस्य चुने गए थे और उस समय भी उन्हें सबसे युवा काउंसलरों में गिना जाता था.

    काउंसिल में काम करने के दौरान उन्होंने डिप्टी मेयर की जिम्मेदारी भी संभाली. इसके बाद पिछले सप्ताह फेयरवे हॉल में आयोजित एक विशेष समारोह में उन्हें आधिकारिक तौर पर मेयर पद की शपथ दिलाई गई. यह पल उनके राजनीतिक सफर का सबसे अहम पड़ाव माना जा रहा है.

    मेयर बनने के बाद तुषार कुमार ने कहा कि यह उनके लिए बेहद गर्व और खुशी का क्षण है. उन्होंने कहा कि 23 साल की उम्र में ब्रिटेन के सबसे कम उम्र के भारतीय मूल के मेयर बनना उनके लिए अविश्वसनीय सम्मान की बात है. उन्होंने अपने इस सफर में साथ देने वाले स्थानीय लोगों, काउंसलरों, सामाजिक संस्थाओं, दोस्तों और परिवार के सदस्यों का आभार जताया. उन्होंने पूर्व मेयर डैन ओजारो को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने डिप्टी मेयर रहते हुए उनका मार्गदर्शन किया. साथ ही उन्होंने काउंसलर लिंडा स्मिथ का नए डिप्टी मेयर के रूप में स्वागत किया.

    तुषार कुमार ने कहा कि मेयर के रूप में उनकी प्राथमिकता लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना और स्थानीय संस्थाओं व चैरिटी संगठनों के साथ मिलकर काम करना होगी. उन्होंने यह भी कहा कि वह चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा युवा राजनीति और समाज सेवा से जुड़ें. उनके अनुसार अपने पसंदीदा शहर की सेवा करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है.

     



    Related News