इस दिन जारी हो सकता है CBSE 12वीं का रिजल्ट, जल्द खत्म होगा इंतजार, जानिए कैसे चेक करें स्कोरकोड

    इस दिन जारी हो सकता है CBSE 12वीं का रिजल्ट, जल्द खत्म होगा इंतजार, जानिए कैसे चेक करें स्कोरकोड

    टीएनपी डेस्क (TNP DESK): केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा 12वीं कक्षा के परिणाम जल्द घोषित किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है. परीक्षा में शामिल हुए लाखों छात्र-छात्राएं अपने रिजल्ट को लेकर बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. हालांकि, अभी तक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट Central Board of Secondary Education (cbse.gov.in) पर 12वीं के रिजल्ट को लेकर कोई ताजा सूचना जारी नहीं की गई है. वेबसाइट पर फिलहाल केवल 10वीं कक्षा से जुड़ी जानकारी ही उपलब्ध है, जिससे छात्रों की उत्सुकता और बढ़ गई है.

    अगर पिछले वर्षों के ट्रेंड पर नजर डालें तो CBSE आमतौर पर मई महीने के दूसरे सप्ताह तक 12वीं का रिजल्ट जारी कर देता है. ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि इस बार भी नतीजे जल्द घोषित किए जा सकते हैं. रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र इसे ऑनलाइन माध्यम से आसानी से देख सकेंगे. रिजल्ट चेक करने के लिए छात्रों को सबसे पहले CBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. वहां होमपेज पर उपलब्ध 12वीं रिजल्ट लिंक पर क्लिक कर रोल नंबर, स्कूल नंबर और एडमिट कार्ड आईडी जैसी जरूरी जानकारी दर्ज करनी होगी. इसके बाद स्क्रीन पर परिणाम प्रदर्शित हो जाएगा, जिसे छात्र डाउनलोड या प्रिंट कर भविष्य के लिए सुरक्षित रख सकते हैं.

    इसके अलावा, छात्र अपने परिणाम DigiLocker और UMANG जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए भी देख सकते हैं. कई बार आधिकारिक वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक होने के कारण दिक्कत आ सकती है, ऐसे में ये विकल्प काफी उपयोगी साबित होते हैं. कुछ मामलों में SMS के माध्यम से भी रिजल्ट उपलब्ध कराया जाता है. परीक्षा पास करने के लिए छात्रों को प्रत्येक विषय में न्यूनतम 33 प्रतिशत अंक हासिल करना अनिवार्य होता है. यदि कोई छात्र एक या दो विषयों में सफल नहीं हो पाता है, तो उसे कंपार्टमेंट परीक्षा का अवसर दिया जाता है.

    छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों या फर्जी खबरों से बचें और केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें. रिजल्ट से जुड़ी सटीक जानकारी के लिए समय-समय पर CBSE की वेबसाइट चेक करते रहना ही सबसे सुरक्षित तरीका है.



    Related News