धनबाद(DHANBAD):धनबाद के पूर्वी टुंडी से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है.यहां तीन मासूम बच्चियों के साथ कुछ मनचलों ने दरिंदगी करने की कोशिश की.हालांकि बच्चियों ने हिम्मत और समझदारी दिखाते हुए शोर मचा दिया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. लोगों को आता देख आरोपी वहां से फरार हो गए.बच्चियों की बहादुरी की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया. घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है.
तीन किशोरियों के साथ गंदी हरकत की कोशिश
जानकारी के अनुसार, तीन युवक रास्ते में जा रही तीन नाबालिग लड़कियों को जबरन पकड़कर पास के एक निर्माणाधीन भवन में ले गए.आरोप है कि वहां उनके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की गई लेकिन इसी बीच किशोरियों ने हिम्मत दिखाई और जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया. उनकी चीख सुनते ही आसपास के लोग और ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े. देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई.खुद को घिरता देख तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए.
गांव में भारी आक्रोश
घटना की खबर फैलते ही गांव में भारी आक्रोश फैल गया. गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा भी किया.सूचना मिलते ही पूर्वी टुंडी थाना प्रभारी नीतीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया.पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. बताया जा रहा है कि तीनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इस घटना के बाद इलाके के लोगों में डर और नाराजगी साफ देखने को मिल रही है.
रिपोर्ट-नीरज कुमार

