Corona Guidelines In India : भीड़ में मास्क जरूरी, बूस्टर लगवाएं, सरकार का दावा- हर स्थिति के लिए तैयार

    Corona Guidelines In India : भीड़ में मास्क जरूरी, बूस्टर लगवाएं, सरकार का दावा- हर स्थिति के लिए तैयार

    टीएनपी डेस्क(TNP DESK): चीन में कोरोना के बढ़ते मामले फिर डराने लगे हैं, इसे देखते हुए केंद्र सरकार अलर्ट पर है. देश में COVID-19 की स्थिति पर बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों के साथ बैठक की. बैठक के बाद उन्होंने कहा कि कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ पर भारत हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं. हमने सभी संबंधित लोगों को अलर्ट रहने और निगरानी बढ़ाने को कहा है. वहीं, मीटिंग के बाद नीति आयोग के डॉ. वीके पॉल ने लोगों से भीड़भाड़ में मास्क लगाने की सिफारिश की है. उन्होंने कहा कि ये गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों और बुजुर्गों के लिए बेहद जरूरी है. अभी केवल 27% आबादी ने ही बूस्टर डोज ली है, यह खुराक लेना सभी के लिए जरूरी है.

    इसके अलावा केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने मंगलवार को सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को पत्र लिखा है. पत्र में कहा गया है कि कोरोना के सभी पॉजिटिव केस के सैंपल्स जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजें, ताकि कोरोना के वैरिएंट का पता लगाया जा सके. बता दें कि इन दिनों चीन, जापान, अमेरिका, कोरिया और ब्राजील में कोरोना के केस तेजी से बढ़ रहे हैं.

    भारत में लगातार घट रहे केस

    बता दें कि दुनियाभर में जहां कोरोना केस बढ़े हैं, वहीं भारत में एक्टिव केस की संख्या में तेजी से कमी आ रही है. भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय (MoHFW) के मुताबिक 20 दिसंबर को सुबह 8 बजे तक की स्थिति में देश में कुल 3 हजार 490 एक्टिव केस थे, जो मार्च 2020 के बाद सबसे कम हैं.

    देश में 220 करोड़ वैक्सीनेशन पार

    वहीं, स्वास्थ्य मंत्री ने 19 दिसंबर को संसद में बताया था कि भारत में वैक्सीनेशन का आंकड़ा 220 करोड़ पार कर चुका है. यह संख्या कोरोना की सभी उपलब्ध वैक्सीन की पहली, दूसरी और प्रिकॉशन डोज को मिलाकर है. देश में 18 जनवरी 2021 को दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान शुरू किया गया था. हालांकि, चीन में बढ़े कोरोना के मामलों को देखते हुए TMC सांसद काकोली घोष ने इंटरनेशनल उड़ानें रोकने की मांग की है.

    भारत में कोरोना की स्थिति पर किसने क्या कहा

    भारत में कोरोना केस पर पुणे के सीरम इंस्टीट्यूट के CEO अदार पूनावाला ने कहा कि चीन में कोरोना के मामलों में इजाफा चिंताजनक है. हालांकि, भारत को डरने की जरूरत नहीं है, क्योंकि देश में वैक्सीनेशन का कवरेज अच्छा है. वहीं, गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डॉ. अभिजीत शर्मा ने कहा कि वैक्सीनेशन, मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने से ही कोरोना से बचा जा सकता है, RNA वैक्सीन ज्यादा असरदार हैं. इसके अलावा महाराष्ट्र के डिप्टी चीफ मिनिस्टर देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि उनकी सरकार केंद्र से कोऑर्डिंनेट करके सारे फैसले लेगी और कोरोना के लिए खास टास्क फोर्स बनाएगी.

    भारत में खतरा उतना नहीं, क्योंकि वैक्सीनेशन के 3 राउंड हो चुके

    एक्सपर्ट के मुताबिक भारत जैसे देश को खतरा नहीं है, क्योंकि हमारे देश में वैक्सीनेशन के 3 राउंड हो चुके हैं. लोगों में इम्यूनिटी डेवलप हो चुकी है. कोरोना तो भारत में भी हर जगह होगा, लेकिन वह अब हम पर इसलिए असर नहीं कर रहा है, अब कोरोना का भारत में खतरा नहीं है.

    जापान में सबसे ज्यादा मौतें

    जापान में 72,297 केस और 180 सबसे ज्यादा मौतें दर्ज की गई हैं. ब्राजील में 29,579 केस और 140 मौतें. दक्षिण कोरिया में 26,622 केस और 39 मौतें. फ्रांस में 8,213 केस और 178 मौतें शामिल हैं.

    चीन में कोरोना की 3 लहर आएंगी तो अगले साल 10 लाख मौत की आशंका

    चीन में सख्त प्रतिबंध खत्म होने के बाद एक बार फिर कोरोना के मामलों में इजाफा हो रहा है. रविवार को यहां दो हजार मरीजों की पुष्टि हुई, लेकिन एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह आंकड़ा अभी और बढ़ेगा. क्योंकि सर्दियों में संक्रमण ज्यादा फैलेगा, इसलिए अगले साल 10 लाख मौतें होने की आशंका भी है. वहीं, अमेरिकी इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट ने दावा किया है कि अप्रैल महीने में चीन में पीक आएगा .


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news