पटना (PATNA): पटना के पाटलिपुत्र बस स्टैंड स्थित रुद्र गेस्ट हाउस में मंगलवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान जहानाबाद निवासी संतोष कुमार शर्मा के रूप में की गई है.युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ गेस्ट हाउस के बाहर जमा हो गई.
मामले की जांच कर रही है पुलिस
मामले की जानकारी मिलने पर रामकृष्ण नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.पुलिस ने गेस्ट हाउस के कमरे को अपने कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल की.बताया जा रहा है कि मृतक के साथ रिया नाम की एक युवती भी मौजूद थी.पुलिस ने युवती को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. दोनों किस उद्देश्य से गेस्ट हाउस पहुंचे थे और उनके बीच क्या संबंध था, इसकी भी जांच की जा रही है.
परिजनों ने हत्या का आरोप महिला मित्र पर लगाया
इधर, मृतक के परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप महिला मित्र पर लगाया है.परिजनों का कहना है कि संतोष की मौत सामान्य नहीं लग रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए. परिजनों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी मौके पर पहुंची और कमरे से जरूरी साक्ष्य जुटाए.पुलिस गेस्ट हाउस के कर्मचारियों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके.
हत्या या आत्महत्या
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत हत्या है, आत्महत्या है या किसी अन्य कारण से हुई। मामले को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है.

