पटना एयरपोर्ट रनवे विस्तार पर तेजी से होगा काम, बिहार को बनाया जाएगा एविएशन हब

    पटना एयरपोर्ट रनवे विस्तार पर तेजी से होगा काम, बिहार को बनाया जाएगा एविएशन हब

    पटना (PATNA):बिहार में हवाई सेवाओं के विस्तार को लेकर सरकार अब तेजी से काम करने की तैयारी में है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि राज्य में एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए बड़े स्तर पर योजना बनाई जा रही है, ताकि बिहार को पूर्वी भारत का क्षेत्रीय एविएशन हब बनाया जा सके.

    आधुनिकीकरण और नई एयर कनेक्टिविटी को लेकर विस्तार से चर्चा

    मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ सभागार में नागर विमानन मंत्रालय, भारत सरकार और बिहार सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हुई.बैठक में राज्य के हवाई अड्डों के विकास, आधुनिकीकरण और नई एयर कनेक्टिविटी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.बैठक में पटना एयरपोर्ट के रनवे विस्तार और उसकी क्षमता बढ़ाने को लेकर विशेष जोर दिया गया.मुख्यमंत्री ने नागर विमानन मंत्रालय से इस दिशा में तेजी से काम करने का आग्रह किया और कहा कि राज्य सरकार हर संभव सहयोग देने को तैयार है.

    फारबिसगंज एयरपोर्ट के उन्नयन को लेकर भी विचार-विमर्श

    इन परियोजनाओं पर हुई चर्चा बैठक में दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय दर्जा देने, पूर्णिया एयरपोर्ट में स्थायी सिविल एन्क्लेव निर्माण, मुजफ्फरपुर, वाल्मीकिनगर, सहरसा और बीरपुर एयरपोर्ट के विकास समेत कई अहम परियोजनाओं पर चर्चा हुई. इसके अलावा अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजना और फारबिसगंज एयरपोर्ट के उन्नयन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया.

    5 साल में 10 गुना बढ़ेगी एयर कनेक्टिविटी

    मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में अगले पांच वर्षों के भीतर एयर कनेक्टिविटी को 10 गुना बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है.इसके लिए सभी जिलों को हवाई सेवा से जोड़ने का रोडमैप तैयार किया जा रहा है उन्होंने कहा कि राज्य में बेहतर हवाई सेवाओं से पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को काफी बढ़ावा मिलेगा. साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.

    मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश

    मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बिहार को एक सुरक्षित, आधुनिक और मजबूत नागरिक उड्डयन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से काम किया जाए.बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, नागर विमानन मंत्रालय के सचिव समीर कुमार सिन्हा, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष विपिन कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.



    Related News