क्या हुआ कैसे गिरी बच्ची, जहानाबाद में स्कूल सुरक्षा पर उठे सवाल

    What happened and how the girl fell? Questions raised on school safety in Jehanabad | क्या हुआ कैसे गिरी बच्ची, जहानाबाद में स्कूल सुरक्षा पर उठे सवाल

    जहानाबाद : एक दर्दनाक हादसे में स्कूल की छत से गिरकर एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई. यह घटना राजाबाजार स्थित बीवीएन विद्यालय की बताई जा रही है. हादसे के बाद बच्ची को आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया.

    स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल

    प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल बच्ची दौलतपुर की रहने वाली है और बीवीएन विद्यालय में पढ़ाई करती है. बताया जा रहा है कि बच्ची विद्यालय के तीन मंजिला भवन की छत पर मौजूद थी तभी वह अचानक नीचे गिर गई. बच्ची के गिरते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. विद्यालय प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया.

    पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए

    घटना के बाद परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि बच्ची को धक्का देकर छत से नीचे गिराया गया है. परिजनों का आरोप है कि विद्यालय प्रशासन इस मामले में लापरवाही बरत रहा है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. वहीं विद्यालय प्रबंधन की ओर से अब तक इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

    बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया

    विद्यालय के एक शिक्षक छोटेलाल ने बताया कि तीसरे पीरियड के दौरान बच्ची अपनी दो सहपाठियों के साथ शौचालय जाने के लिए कक्षा से बाहर गई थी. इसी दौरान एक छात्रा दौड़ते हुए आई और उसने बताया कि बच्ची छत से गिर गई है. सूचना मिलते ही शिक्षक और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया.

    घटना के सभी पहलुओं की हो रही जांच

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विद्यालय प्रशासन शिक्षकों और छात्रों से पूछताछ की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. फिलहाल बच्ची की हालत नाजुक बताई जा रही है और उसका इलाज पीएमसीएच में जारी है. घटना के बाद इलाके में चिंता और आक्रोश का माहौल बना हुआ है तथा लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.



    Related News