सासाराम(SASARAM): जिलें से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां ट्रैफिक ड्यूटी निभा रहे सिपाही मुकेश कुमार की इलाज के दौरान वाराणसी में मौत हो गई. इस घटना ने पूरे पुलिस विभाग को गहरे सदमे में डाल दिया है यह हादसा सासाराम नगर थाना क्षेत्र के एसपी जैन कॉलेज मोड़ के पास पुरानी जीटी रोड पर हुआ. जहां सड़क पर नो एंट्री लागू थी और ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात था. इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद ट्रैफिक सिपाही मुकेश कुमार एक बालू लदे ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास कर रहे थे. आरोप है कि ट्रैक्टर चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय तेज रफ्तार में आगे बढ़ते हुए सिपाही को अपनी चपेट में ले लिया और कुचलते हुए मौके से फरार हो गया.
हादसा इतना गंभीर था कि सिपाही सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ गिर पड़े. मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें बचाने की कोशिश की और आनन-फानन में सासाराम सदर अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया. लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. घटना की खबर जैसे ही फैली, पुलिस विभाग और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई. साथी पुलिसकर्मियों की आंखें नम हो गईं और पूरे इलाके में गमगीन माहौल बन गया. लोग इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश भी व्यक्त कर रहे हैं.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालू लदे ट्रैक्टर को पकड़ लिया, हालांकि उसका चालक मौके से फरार होने में सफल रहा. पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. आसपास के इलाकों में पुलिस टीमों को सक्रिय कर दिया गया है और संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी जा रही है.
रोहतास के पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सिपाही ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात था और ट्रैक्टर को रोकने के प्रयास के दौरान यह दर्दनाक हादसा हुआ. उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और अवैध वाहनों की मनमानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्र

