नवगछिया(NAUGACHIA): भागलपुर जिले के नवगछिया हाइवे पर गैस सिलेंडर से भरे ट्रक में आग लग गई. इसके बाद एक-एक कर सिलेंडर में विस्फोट होने लगा. इस हादसे में ट्रक ड्राइवेर की दर्दनाक मौत हो गई. लगातार धमाका होने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. गनीमत रही कि हादसा आबादी क्षेत्र से दूर हुआ, इसलिए जान-माल का नुकसान नहीं हुआ. पुलिस ने हाइवे पर दोनों तरफ गाड़ियों को रोक दिया. जानकारी के मुताबिक यह घटना मंगलवार देर रात 2.30 बजे एनएच-31 की है.
हाइवे पर आवागमन बाधित
एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि भागलपुर-खगड़िया की सीमा पर स्थित सतीशनगर में एनएच 31 पर गैस सिलेंडर से लदे ट्रक में अचानक आग लग गई. इसके बाद ट्रक पर लदे सिलेंडर में एक-एक कर विस्फोट होने लगा. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने हाइवे पर दोनों तरफ के आवागमन को रोक दिया. दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई. बहुत देर तक सिलेंडर में धमाके होते रहे. इसकी आवाज बहुत दूर तक सुनाई दी. सैकड़ों मीटर दूर से भी आग की लपटें नजर आ रही थीं. सूचना मिलने के बाद मौके पर दमकल पहुंची और आग को बुझाने के प्रयास किया गया. हालांकि सिलेंडर में लगातार विस्फोट होने के कारण आग बुझाने में काफी परेशानी हुई. हाइवे पर जाम लगने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
Thenewspost - Jharkhand
4+

