“यह सरकार सब दिन चलेगा” बिहार विधानसभा में गरजे CM नीतीश कुमार

    “यह सरकार सब दिन चलेगा” बिहार विधानसभा में गरजे CM नीतीश कुमार

    पटना : बिहार विधानसभा में एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का तीखा तेवर देखने को मिला. सदन की कार्यवाही के दौरान विपक्ष के हंगामे और नारेबाजी पर मुख्यमंत्री खासे नाराज हो गए और जमकर जवाब दिया.

    बहस के दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्षी सदस्यों खासकर राजद विधायक भाई वीरेंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि “चुपचाप रहिए  ज्यादा मत बोलिए इतना काम हो गया फिर भी बोल रहे हैं.” उन्होंने सदन में अपनी सरकार की संख्या बल का जिक्र करते हुए कहा “आप लोग देख लीजिए आपकी संख्या क्या है और हमारी क्या है. हम लोग 202 हैं आप कितने हैं यह भी देख लीजिए” संख्या बल बताने के दौरान मुख्यमंत्री की जुबान फिसल गई और उन्होंने 202 की जगह 2002 कह दिया. इस पर विपक्षी सदस्यों ने टोका-टोकी की. जिसके बाद सदन में कुछ देर के लिए शोरगुल का माहौल बन गया.

    जो भी काम हुआ है हमारी सरकार में हुआ है

    विपक्ष द्वारा “लाठी-गोली की सरकार नहीं चलेगी” के नारे लगाए जाने पर मुख्यमंत्री और अधिक आक्रामक हो गए. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “यह सरकार सब दिन चलेगा.” उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि “गलती से दो बार आप लोगों को साथ रखे थे लेकिन जब गड़बड़ किया तो हटा दिए” साथ ही यह भी जोड़ा कि उनकी सरकार में ही राज्य में विकास कार्य हुए हैं. मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा  “आपकी सरकार में शाम के बाद कोई घर से निकलता नहीं था जो भी काम हुआ है हमारी सरकार में हुआ है.”

    “बिना मतलब बोलने” से बचने की नसीहत देते रहे

    मुख्यमंत्री के तीखे बयान के दौरान विपक्षी सदस्यों ने जमकर नारेबाजी की. दीपक नामक सदस्य लगातार हंगामा करते रहे. जबकि अन्य विपक्षी विधायक भी अपनी सीटों पर खड़े होकर विरोध जताते नजर आए. हालांकि मुख्यमंत्री अपनी बात पर अडिग रहे और बार-बार विपक्ष को “बिना मतलब बोलने” से बचने की नसीहत देते रहे. सदन की कार्यवाही के दौरान माहौल काफी गरमाया रहा.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news