पटना(PATNA): बिहार के रोहतास जिले की तेलकप ग्राम पंचायत ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली और विकास मॉडल से एक बार फिर राज्य का नाम रोशन किया है. नानाजी देशमुख सर्वोत्तम पंचायत सतत विकास पुरस्कार (राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार) श्रेणी में तेलकप ग्राम पंचायत ने देशभर में द्वितीय स्थान हासिल किया है. इस उपलब्धि पर पंचायती राज विभाग, बिहार के मंत्री दीपक प्रकाश ने पंचायत की मुखिया अनीता टोप्पो को हार्दिक बधाई दी है.
पटना स्थित पंचायती राज विभाग में इस अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां विभागीय निदेशक ने भी मुखिया को भेंट कर सम्मानित किया और पंचायत के कार्यों की सराहना की. अधिकारियों ने कहा कि पंचायत स्तर पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और विकास कार्यों में पारदर्शिता इस सफलता की मुख्य वजह रही है.
मंत्री दीपक प्रकाश ने तेलकप पंचायत की उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए कहा कि ग्रामीण विकास को गति देने में पंचायतों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने विशेष रूप से स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई जैसी बुनियादी समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि तेलकप पंचायत के कुछ वार्डों में अभी भी स्वच्छ पेयजल उपलब्धता एक चुनौती है, जिसे दूर करने के लिए विभाग हर संभव सहायता प्रदान करेगा. उन्होंने पंचायत को विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया और कहा कि अन्य ग्राम पंचायतों को भी तेलकप मॉडल से सीख लेनी चाहिए.
मंत्री ने यह भी घोषणा की कि वे शीघ्र ही तेलकप ग्राम पंचायत का दौरा करेंगे ताकि वहां चल रहे विकास कार्यों को प्रत्यक्ष रूप से देखा जा सके और आवश्यक सुधारों पर चर्चा की जा सके.
इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर देते हुए कहा कि आय के स्वयं के स्रोत विकसित करना समय की जरूरत है. आत्मनिर्भर पंचायतें न केवल स्थानीय आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से पूरा कर सकती हैं, बल्कि ग्रामीण विकास को भी नई मजबूती प्रदान करती हैं.
मुखिया अनीता टोप्पो ने इस सम्मान को पूरे पंचायत परिवार की सामूहिक मेहनत का परिणाम बताया. उन्होंने कहा कि पुरस्कार राशि का उपयोग गांव के समग्र विकास और जनहित से जुड़े कार्यों में किया जाएगा. उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि जिला पंचायत संसाधन केंद्र द्वारा आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों ने उनके कार्य कौशल को मजबूत किया, जिससे पंचायत प्रशासन और योजनाओं के क्रियान्वयन में काफी सुधार हुआ है.

