पटना (PATNA): पटना में इन दिनों तापमान काफी ज्यादा बढ़ गया है दोपहर के समय भीषण गर्मी पड़ रही है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य और उनकी सुरक्षा पर बुरा असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है.जिसको ध्यान में रखते हुए पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने एक आदेश जारी किया है.जिसके अनुसार पटना जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 8 तक जिसमें प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र भी शामिल है.जहां अब सुबह 11:00 बजे के बाद क्लास पर रोक लगा दी गई है.
8वीं तक के स्कूलों में 11 बजे के बाद पढ़ाई पर रोक
अब 11 बजे के बाद छोटे बच्चों की कक्षाएं में पढ़ाई नहीं होगी. यह फैसला बच्चों को तेज गर्मी और लू से बचाने के लिए लिया गया है, ताकि उनके स्वास्थ्य पर कोई बुरा असर न पड़े.जिलाधिकारी ने सभी स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिया है कि वे इस आदेश का पूरी तरह पालन करें साथ ही यह भी कहा गया है कि स्कूल अपनी पढ़ाई और अन्य गतिविधियों को नए समय के अनुसार पुनः निर्धारित करें, ताकि बच्चों की पढ़ाई में ज्यादा बाधा न आए और सुरक्षा भी बनी रहे.
आदेश 18 मई 2026 से लागू होगा
यह आदेश 18 मई 2026 से लागू होगा और 21 मई 2026 तक प्रभावी रहेगा. इस दौरान सभी स्कूलों को नियम का पालन करना अनिवार्य होगा.प्रशासन का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सबसे पहले है, इसलिए मौसम की स्थिति को देखते हुए यह कदम उठाया गया है.अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे इस आदेश का पालन कर सहयोग करें और बच्चों को तेज धूप में बाहर निकलने से बचाएं.

