पटना (PATNA) : एक अहम खबर सामने आई है जहां प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी भामाशाह की जयंती पूरे सम्मान और गरिमा के साथ मनाई गई. राजधानी के पूर्णाइचक पार्क में आयोजित राजकीय समारोह में राज्यपाल, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने शिरकत की. इस अवसर पर सभी गणमान्य अतिथियों ने भामाशाह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके देशभक्ति एवं त्याग को याद किया.
समारोह में नेताओं ने भामाशाह के योगदान को राष्ट्र के लिए प्रेरणादायक बताया और कहा कि उनका जीवन आज भी समाज को समर्पण और साहस की सीख देता है. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग भी मौजूद रहे.
बिहार में अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं
वहीं भागलपुर में हाल ही में हुई आपराधिक घटना और उसके बाद पुलिस द्वारा किए गए एनकाउंटर को लेकर पूर्व मंत्री श्रवण कुमार ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि बिहार में अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि जो भी अपराध में शामिल हैं उन्हें पुलिस सख्ती से सबक सिखा रही है और आगे भी ऐसे तत्वों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद बताया और कहा कि समाज में कानून का राज बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है.
राज्य की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं तेजस्वी यादव
इसके अलावा, दिल्ली में एक बिहारी युवक की पुलिसकर्मी द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने पर भी उन्होंने चिंता जताई. उन्होंने कहा कि वहां की सरकार को इस मामले में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए ताकि न्याय मिल सके. राजनीतिक बयानबाजी पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी और कहा कि तेजस्वी यादव बिहार से बाहर जाकर राज्य की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे राज्यों में जाकर बिहार का मजाक उड़ाना उचित नहीं है.

