पटना (PATNA): बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को पटना स्थित 7 सर्कुलर रोड पहुंचे. उनके साथ उनके बेटे निशांत कुमार भी मौजूद थे. इस दौरान कई प्रशासनिक अधिकारी भी उनके साथ देखे गए.
जानकारी के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री यहां चल रहे निर्माण और तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे. 7 सर्कुलर रोड को उनके नए आवास के रूप में तैयार किया जा रहा है जहां वे जल्द ही शिफ्ट होने वाले हैं. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली और जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए.
तेजी से चल रहा है आवास में अंतिम चरण का काम
सूत्रों की मानें तो आवास में अंतिम चरण का काम तेजी से चल रहा है. सुरक्षा व्यवस्था, आवासीय सुविधाएं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. इसी के मद्देनजर नीतीश कुमार खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन कर रहे हैं ताकि शिफ्टिंग से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त हो सकें.
शिफ्ट होने की खबर से सियासी हलकों में बढ़ी हलचल
राजनीतिक दृष्टिकोण से भी यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है. पटना के इस वीआईपी इलाके में स्थित 7 सर्कुलर रोड लंबे समय से चर्चा में रहा है और अब पूर्व मुख्यमंत्री के यहां शिफ्ट होने की खबर ने सियासी हलकों में हलचल बढ़ा दी है. बताया जा रहा है कि सभी तैयारियां पूरी होते ही नीतीश कुमार जल्द ही अपने नए आवास में प्रवेश करेंगे.


