राज्यसभा चुनाव से पहले पटना में NDA की हलचल तेज, संजय झा बोले-जीत हमारी तय

    राज्यसभा चुनाव से पहले पटना में NDA की हलचल तेज, संजय झा बोले-जीत हमारी तय

    पटना(PATNA): बिहार में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. राजद नेता तेजस्वी यादव की ओर से जीत का दावा किए जाने के बाद एनडीए गठबंधन लगातार बैठकें कर रहा है. पटना में आज एनडीए की दो अहम बैठकें हो रही हैं. पहली बैठक संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी के आवास पर और दूसरी बैठक उपेंद्र कुशवाहा के आवास पर होगी जिसमें एनडीए के सभी विधायक और विधान पार्षद मौजूद रहेंगे.

    पार्टी के सभी विधायकों को दिया जायेगा प्रशिक्षण

    बैठक को लेकर जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि पार्टी के सभी विधायकों को मतदान की प्रक्रिया को लेकर प्रशिक्षण दिया जाएगा क्योंकि एक-एक वोट बेहद महत्वपूर्ण है और जीत एनडीए की ही होगी. तेजस्वी यादव के जीत के दावे पर संजय झा ने पलटवार करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के समय भी उन्होंने सरकार बनाने और मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने का दावा किया था लेकिन नतीजे सबके सामने हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी को जो फीडबैक मिल रहा है उससे साफ है कि एनडीए भारी बहुमत से चुनाव जीतने जा रहा है.

    पांचों सीटों पर एनडीए की जीत तय

    संजय झा ने कहा कि 16 मार्च को होने वाले चुनाव में सब साफ हो जाएगा कि कौन कितना मजबूत है. उन्होंने दावा किया कि पांचों सीटों पर एनडीए की जीत तय है जिसमें चार सीटों पर कोई संशय नहीं है और पांचवीं सीट पर भी आंकड़े एनडीए के पक्ष में हैं. वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाओं के बीच बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर पूछे गए सवाल पर संजय झा ने कहा कि इस पर एनडीए के बड़े नेता मिलकर फैसला करेंगे.

    इसके अलावा पश्चिम बंगाल की राजनीति पर भी उन्होंने निशाना साधा और ममता बनर्जी की सरकार को पूरी तरह विफल बताया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल में लगातार विकास कार्यों की सौगात दे रहे हैं जबकि राज्य सरकार हताशा में बयानबाजी कर रही है.



    Related News