नालंदा की बेटी का जलवा, इंटर में 477 अंक लाकर टॉप-3 में बनाई जगह

    नालंदा की बेटी का जलवा, इंटर में 477 अंक लाकर टॉप-3 में बनाई जगह

    नालंदा (NALANDA) : जिले के कराय परशुरई थाना क्षेत्र के डियावा गांव की बेटी साजिया अंसारी ने बिहार इंटरमीडिएट परीक्षा के आर्ट्स संकाय में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे जिले का नाम रोशन कर दिया है. साजिया ने 500 में से 477 अंक हासिल कर टॉप-10 में तीसरा स्थान में अपनी जगह बनाई है. उनकी इस सफलता से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है.

    मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर मुकाम हासिल  

    साजिया अंसारी, आयाज अंसारी की पुत्री हैं. साधारण परिवार से आने के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है. साजिया ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है. उन्होंने कहा कि परिवार और गुरुजनों के मार्गदर्शन के बिना यह सफलता संभव नहीं थी. साजिया का सपना आगे चलकर सिविल सर्विस में जाना है. उन्होंने बताया कि वह प्रशासनिक सेवा में जाकर देश और समाज की सेवा करना चाहती हैं. उनकी इस सोच और लक्ष्य को लेकर गांव के लोग भी गर्व महसूस कर रहे हैं.

    बेटी ने पूरे परिवार का मान बढ़ाया, जश्न का माहौल

    साजिया की मां शहनाज बानो बेटी की इस कामयाबी से बेहद खुश हैं. उन्होंने कहा कि उनकी बेटी ने पूरे परिवार का मान बढ़ाया है. रिजल्ट आने के बाद घर में जश्न का माहौल है. परिवार और आस-पड़ोस के लोग एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर कर रहे हैं. गांव और आसपास के क्षेत्र में भी साजिया की सफलता की चर्चा हो रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि साजिया ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है.



    Related News