नालंदा : सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, आक्रोशित लोगों ने पुलिस के साथ की धक्का-मुक्की


नालंदा: नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत महानंदपुर गांव के पास बुधवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की, जिससे कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया.
मृतकों की पहचान पावापुरी ओपी क्षेत्र के पावा गांव निवासी गुल्ली सिंह के पुत्र मिथिकेश कुमार और सुधीर सिंह के पुत्र कमल नयन के रूप में की गई है. बताया गया कि दोनों युवक एक ही बाइक से बिहारशरीफ की ओर जा रहे थे.
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, महानंदपुर गांव के पास एक मिक्सर मशीन लदे ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसे में एक ई-रिक्शा भी ट्रक की चपेट में आ गया.
सूचना मिलने पर दीपनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मियों ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से दुर्घटना हुई है. वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस द्वारा ट्रक को पकड़े जाने की बात कही गई, लेकिन बाद में एक दरोगा द्वारा इससे इनकार किए जाने पर लोग आक्रोशित हो गए और विरोध शुरू कर दिया. स्थिति बिगड़ने पर संबंधित दरोगा को मौके से हटा दिया गया.
मृतकों के परिजनों ने बताया कि दोनों युवक ल्यूमिनस कंपनी में काम करते थे और रोज़गार के सिलसिले में बिहारशरीफ आ-जा रहे थे. घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है. वहीं घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में तनाव का माहौल बना रहा, जिसे बाद में पुलिस ने शांत कराया.
4+