मोतिहारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जहरीली शराब कांड में अभियुक्तों ने किया सरेंडर, 9 की गई थी जान

    मोतिहारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जहरीली शराब कांड में अभियुक्तों ने किया सरेंडर, 9 की गई थी जान

    मोतिहारी (MOTIHARI) : पूर्वी चंपारण जिले में हुए जहरीली शराब कांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. इस मामले के मास्टरमाइंड कन्हैया यादव और सुनील शाह ने आखिरकार कोर्ट में सरेंडर कर दिया है. पुलिस की लगातार बढ़ती दबिश और कार्रवाई से बचने के लिए दोनों आरोपियों ने मोतिहारी के उत्पाद न्यायालय में आत्मसमर्पण करना उचित समझा.

    मुख्य आरोपियों ने कोर्ट में किया सरेंडर

    सरेंडर के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को करीब एक घंटे तक बंद कमरे में पूछताछ की. इस दौरान जहरीली शराब नेटवर्क से जुड़ी कई अहम जानकारियां पुलिस के हाथ लगी हैं जिससे आगे की कार्रवाई तेज होने की संभावना है.विशेष लोक अभियोजक (उत्पाद) अनिल कुमार सिंह ने बताया कि जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपियों ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है और अब कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है. वहीं सदर एसडीपीओ-1 दिलीप कुमार ने भी इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि यह पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी है और आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा.

    जहरीली शराब पीने से 9 लोगों की हुई थी मौत

    गौरतलब है कि तुरकौलिया और रघुनाथपुर थाना क्षेत्रों में जहरीली शराब पीने से अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है.जबकि 8 लोग सदर अस्पताल में इलाजरत हैं. इसके अलावा कई लोग पुलिस के डर से चोरी-छिपे निजी जगहों पर इलाज करा रहे हैं. वहीं दर्जनों लोग इलाज के बाद स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं. पुलिस अब इस पूरे मामले में सप्लाई चेन, निर्माण स्थल और अन्य शामिल आरोपियों की तलाश में जुट गई है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस कांड से जुड़े और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं. 

     



    Related News