मधुबनी स्टेशन पर जयनगर-उधना एक्सप्रेस ट्रेन में लगी भीषण आग, कई बोगी जलकर राख

    मधुबनी स्टेशन पर जयनगर-उधना एक्सप्रेस ट्रेन में लगी भीषण आग, कई बोगी जलकर राख

    मधुबनी(MADHUBANI): मधुबनी रेलवे स्टेशन पर खड़ी जयनगर-उधना एक्सप्रेस ट्रेन की एक जनरल बोगी में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बोगी जलकर खाक हो गई. घटना मधुबनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 की बताई जा रही है.

    जयनगर-उधना एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 22563 पिछले दो दिनों से स्टेशन पर रखरखाव के लिए खड़ी थी. गुरुवार को अचानक ट्रेन की एक जनरल बोगी से काला धुआं निकलना शुरू हुआ. कुछ ही देर में धुएं के साथ आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया.

    स्टेशन पर मौजूद लोगों और रेलवे कर्मियों ने तुरंत इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी. सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हुआ और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया. हालांकि दमकल की गाड़ियां पहुंचने से पहले ही आग पूरी बोगी को अपनी चपेट में ले चुकी थी. राहत की बात यह रही कि ट्रेन खाली थी, जिससे किसी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है.

    आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी बताई जा रही है. आग बढ़ते देख रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्टेशन प्रशासन ने तुरंत आसपास के क्षेत्र को खाली कराया. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बोगी का अधिकांश हिस्सा जलकर नष्ट हो चुका था. घटना की गंभीरता को देखते हुए समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा विशेष ट्रेन से मधुबनी पहुंचे और लापरवाही को लेकर संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार भी लगाई.

    डीआरएम ने कहा कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने साफ कहा कि रेलवे सुरक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. गौरतलब है कि मधुबनी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी शॉर्ट सर्किट के कारण स्टेशन पर खड़ी ट्रेन में आग लग चुकी है.

     



    Related News