पटना (PATNA) : राजधानी पटना में जनशक्ति जनता दल (JJD) की प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई जिसमें प्रदेश भर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए. बैठक में संगठन विस्तार और आगामी चुनाव को लेकर कई अहम फैसले लिए गए.
हर जिले में एक लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य
बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्य के सभी 38 जिलों में प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे. साथ ही 45 सदस्यों की एक मजबूत टीम तैयार की गई है जिसमें युवा से लेकर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं तक को शामिल किया गया है.पार्टी ने हर जिले में एक लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य भी तय किया है यानी पूरे बिहार में 38 लाख सदस्यों का बड़ा संगठन खड़ा करने की रणनीति बनाई गई है.
JJD आगामी चुनावों में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी
पार्टी नेताओं ने कहा कि आने वाले समय में बिहार में परिवर्तन की लड़ाई लड़ी जाएगी और JJD आगामी चुनावों में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी. इसके लिए राज्यभर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर कार्यकर्ताओं को जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा.बैठक के दौरान राजनीतिक मुद्दों पर भी खुलकर चर्चा हुई. तेज प्रताप यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दिल्ली जाने की अटकलों पर कहा कि उन्होंने पहले से ही मन बना लिया है.
वहीं निशांत कुमार को मुख्यमंत्री चेहरे के रूप में आगे किए जाने पर उन्होंने कहा कि वे अभी नए हैं और राजनीति में उन्हें अनुभव की कमी है. हालांकि वे उनका सम्मान करते हैं और उन्हें सीखने की जरूरत है. मुख्यमंत्री पद को लेकर सम्राट चौधरी के नाम पर उन्होंने समर्थन जताते हुए कहा कि अगर वे मुख्यमंत्री बनते हैं तो उन्हें उनका पूरा समर्थन रहेगा
बिहार गरीब नहीं है बल्कि “दिल का अमीर” है
तेजस्वी यादव के केरल में दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए तेज प्रताप ने कहा कि बिहार गरीब नहीं है बल्कि “दिल का अमीर” है और इस तरह के बयान देने से बचना चाहिए. शराबबंदी कानून पर भी उन्होंने सवाल उठाए और कहा कि जमीनी हकीकत में जगह-जगह शराब उपलब्ध है ऐसे में कानून के प्रभावी क्रियान्वयन की जरूरत है.
पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया कि इस बार पश्चिम बंगाल में चुनाव नहीं लड़ा जाएगा बल्कि स्थानीय निकाय चुनाव से संगठन को मजबूत करने की शुरुआत की जाएगी.
Thenewspost - Jharkhand
4+


