मुजफ्फरपुर में असामाजिक तत्वों ने एक घंटे में तीन ट्रेनों पर किया पथराव, वंदे भारत समेत कई ट्रेनें निशाने पर

    मुजफ्फरपुर में असामाजिक तत्वों ने एक घंटे में तीन ट्रेनों पर किया पथराव, वंदे भारत समेत कई ट्रेनें निशाने पर

    मुजफ्फरपुर(MUZAFFARPUR): जिले में असामाजिक तत्वों ने महज कुछ ही समय के भीतर एक के बाद एक तीन ट्रेनों पर पथराव कर दिया. यह पूरी घटना मुजफ्फरपुर और हाजीपुर रेल खंड के बीच स्थित रामदयालुनगर स्टेशन के आसपास की बताई जा रही है. इस अचानक हुए हमले से रेल यात्रियों में भारी दहशत फैल गई और ट्रेन के अंदर अफरातफरी का माहौल बन गया.

    सबसे पहले वंदे भारत एक्सप्रेस को निशाना बनाया गया, जिसके बाद पाटलिपुत्र-गोरखपुर वंदे भारत (26501), पटना-जयनगर इंटरसिटी (15550) और आनंद विहार-सीतामढ़ी लिच्छवी एक्सप्रेस (14006) पर भी पथराव किया गया. यह पूरी घटना लगभग सवा घंटे के भीतर अंजाम दी गई, जिससे रेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं.

    पथराव की इस घटना में वंदे भारत एक्सप्रेस की तीन बोगियों के शीशे टूट गए, जबकि अन्य ट्रेनों के कोच भी क्षतिग्रस्त हुए हैं. हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को चोट नहीं आई, लेकिन अचानक हुए हमले से यात्री बेहद डर गए और कई लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए. घटना के बाद ट्रेन जैसे ही मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंची, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी. यात्रियों के बयान दर्ज किए गए हैं और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.

    रेल पुलिस अधीक्षक वीणा कुमारी ने जानकारी देते हुए बताया कि तीनों ट्रेनों पर पथराव की पुष्टि हुई है और वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच को विशेष नुकसान पहुंचा है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच तेज कर दी गई है और दोषियों की पहचान के लिए वंदे भारत ट्रेन में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. रेल प्रशासन ने आरपीएफ और जीआरपी को सख्त निर्देश दिए हैं कि जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाए. इस घटना के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं.

     



    Related News