नालंदा (NALANDA) : जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है. परबलपुर थाना क्षेत्र में अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती पर उत्पाद विभाग और नालंदा पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर सख्त कार्रवाई की है.
अवैध रूप से की जा रही थी अफीम की खेती
गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से परबलपुर थाना क्षेत्र के एक ग्रामीण इलाके में छापेमारी अभियान चलाया. छापेमारी के दौरान लगभग 8 कट्ठा भूमि में अवैध रूप से अफीम की खेती होती पाई गई. टीम ने मौके पर ही पूरी फसल को नष्ट कर दिया ताकि इसका अवैध कारोबार में उपयोग न हो सके.
6 खेत मालिक की पहचान कर केस दर्ज
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि यह कार्रवाई राज्य सरकार के निर्देश पर मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है. अफीम की खेती पूरी तरह प्रतिबंधित है और इसके उत्पादन एवं तस्करी पर कड़ी सजा का प्रावधान है. छापेमारी के दौरान 6 खेत मालिक की पहचान की कर उनके विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है.
Thenewspost - Jharkhand
4+


