आज से सीमांचल में गृह मंत्री अमित शाह का तीन दिवसीय दौरा, सुरक्षा और संगठन पर फोकस

    आज से सीमांचल में गृह मंत्री अमित शाह का तीन दिवसीय दौरा, सुरक्षा और संगठन पर फोकस

    अररिया : अमित शाह आज से तीन दिवसीय सीमांचल दौरे पर आ रहे हैं. गृह मंत्री विशेष विमान से अररिया पहुंचेंगे और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सिकटी क्षेत्र का दौरा करेंगे. उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली है.

    एसएसबी के विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे

    दौरे के पहले दिन गृह मंत्री अररिया में एसएसबी के विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात जवानों से मुलाकात के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की जाएगी. सूत्रों के अनुसार, सीमांचल क्षेत्र की संवेदनशील भौगोलिक स्थिति को देखते हुए सीमा सुरक्षा, तस्करी रोकथाम और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से एजेंडे में शामिल हैं. शाम को गृह मंत्री पूर्णिया के एक पांच सितारा होटल में रात्रि विश्राम करेंगे. उनके ठहरने को लेकर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. स्थानीय प्रशासन, पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से पूरे कार्यक्रम की निगरानी कर रही हैं.

    27 फरवरी को पूर्णिया में हाई लेवल समीक्षा बैठक

    27 फरवरी को पूर्णिया में हाई लेवल समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी.इस बैठक में सीमावर्ती जिलों के वरीय प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और एसएसबी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे. बैठक में सीमाई ग्रामीण इलाकों में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी  वाइब्रेंट विलेज योजना को प्रभावी तरीके से लागू करने पर विस्तार से चर्चा होगी. इसके अलावा सीमा क्षेत्र में आधारभूत संरचना विकास सड़क संपर्क संचार व्यवस्था स्वास्थ्य सुविधाएं और रोजगार सृजन जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा. गृह मंत्री सुरक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत की समीक्षा करेंगे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे.

    सीमांचल क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज

    गृह मंत्री के दौरे को लेकर सीमांचल क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच समन्वय बैठकों का दौर जारी है. माना जा रहा है कि इस दौरे से सीमावर्ती जिलों में विकास योजनाओं को गति मिलेगी और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news